महाकुंभ नहाने जा रहे दरोगा और उसके परिवार के 6 लोगों की मौत
गाड़ी काटकर निकलना पड़ा शव, मौके पर मची चीख पुकार

सोनभद्र/उत्तर प्रदेश। सोनभद्र में क्रेटा और ट्रेलर सामने-सामने की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कार सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में छत्तीसगढ़ पुलिस के दरोगा, उसकी मां, पत्नी और बेटे समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसा इतना भयानक था कि कई लोगों के शव गाड़ी में भी फंस गए थे। शवों को निकालने के लिए गाड़ी को काटा गया। सभी लोग छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज के रहने वाले थे। जिसमें छत्तीसगढ़ पुलिस का एक जवान भी शामिल था। यह अपने परिवार को लेकर महाकुंभ में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। हादसा वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे के रानीताली इलाके में हुआ।
गाड़ी छत्तीसगढ़ पुलिस में पदस्थ रवि प्रकाश मिश्रा की थी। वह अपनी मां उषा मिश्रा, पत्नी प्रियंका मिश्रा, बेटे दिव्यांशु मिश्रा, अथर्व मिश्रा और मेड दुर्गा देवी के साथ प्रयागराज जा रहे थे। गाड़ी ड्राइवर चला रहा था। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर चीख पुकार मच गई। मदद के लिए पहुंची उत्तर प्रदेश पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल में पहुंचाया। वहीं, मृतकों की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसा रात में करीब 8 बजे हाथीनाला थाना क्षेत्र के पास हुआ है। जिसमें एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर डिवाइडर को क्रॉस करके दूसरी लाइन में आ गया। इस बीच छत्तीसगढ़ नंबर की एक गाड़ी आ रही थी उससे ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में हादसे में कुल 6 लोगों की मौत हो गई है। मृतक के परिवार वालों से संपर्क किया जा रहा है।



