बियर की बोतलों से बने क्रिसमस ट्री पर हंगामा, केरल में सियासी घमासान

त्रिशूर/केरल। क्रिसमस को लेकर पूरे देश में उत्साह देखने को मिल रहा है। हर कोई क्रिसमस की तैयारियों में जुटा है। बाजारों में क्रिसमस ट्री से लेकर गिफ्ट्स की भरमार है। मगर, इसी बीच केरल से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। केरल में कुछ लोगों ने मिलकर बियर की बोतलों से क्रिसमस ट्री तैयार किया है। केरल के त्रिशूर में स्थित गुरुवायूर नगर परिषद के इस कदम से सियासी हंगामा मच गया है। खाली बियर की बोतलों से बने इस क्रिसमस ट्री को एकेजी मेमोरियल के पास रखा गया है। वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। यूडीएफ का कहना है कि इससे समाज में गलत संदेश जाएगा।
केरल के स्थानीय निकाय चुनाव के बाद गुरुवायूर नगर परिषद ने रविवार को पहली बैठक की थी। कांग्रेस पार्षद बशीर पूकोडे ने इस मुद्दे को उठाया, जिसपर बहस छिड़ गई है। कुछ देर बाद कांग्रेस नेता जॉय चेरियन और एंटो थॉमस भी बशीर के पक्ष में उतर आए। सभी ने बियर की खाली बोतलों से क्रिसमस ट्री बनाने पर सवाल खड़े किए हैं।
नगर सचिव एच अभिलाष ने मामले पर सफाई पेश करते हुए कहा कि बियर की खाली बोतलों से क्रिसमस ट्री बनाने का उद्देश्य शराब के सेवन का महिमामंडन करना नहीं था, बल्कि रिसाइकलिंग को बढ़ावा देना था। बियर की बोतलों को एक के ऊपर एक रखकर क्रिसमस ट्री की तरह कोन का आकार दिया गया है। इसके ऊपर एक लाल रंग का स्टार भी रखा है। साथ ही पूरे क्रिसमस ट्री को घंटियों, टैग और क्रिसमस बबल से सजाया गया है। इस क्रिसमस ट्री तक जाने के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया है।
यूडीएफ का कहना है कि गुरुवायूर अपने मंदिर के लिए मशहूर है। ऐसी जगह पर बियर की बोतलों से क्रिसमस ट्री बनाना सही नहीं है। बता दें कि यह पहली बार नहीं है, जब गुरुवायूर नगर परिषद सवालों के घेरे में है। 2 महीने पहले बायोपार्क के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा लगाई गई थी, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button