कानपुर कानपुर में खुद को डीएम बताकर युवती से 71 लाख रुपये की ठगी, कल्याणपुर थाना पुलिस ने जालसाज को दबोचा

कानपुर/उत्तर प्रदेश। कानपुर से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कल्याणपुर पुलिस ने एक ऐसे जालसाज को पकड़ा है जो खुद को शहर का जिलाधिकारी (डीएम) बताकर लोगों को ठग रहा था। जानकारी के मुताबिक, जालसाज का नाम नितेश कुमार पांडे है। आरोपी ने अपनी होने वाली पत्नी और उसके परिवार को यकीन दिलाने के लिए एक फर्जी नियुक्ति पत्र और एक नकली ईमेल दिखाया था, जिसमें कहा गया था कि उसे 5 जुलाई 2025 को कानपुर का डीएम बनाया जाएगा। इस धोखे के जरिए उसने युवती से इंटरव्यू और अन्य खर्चों के नाम पर लगभग 71 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब कई महीनों तक उसकी पोस्टिंग नहीं हुई, तो युवती को शक हुआ और उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी नितेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पूरा मामला तब सामने आया जब नितेश ने अपनी होने वाली पत्नी को यह यकीन दिलाने की कोशिश की कि वह डीएम बनने वाला है। एक रिश्तेदार दिवाकर ने नितेश का परिचय युवती से करवाया था। शुरुआत में आरोपी नितेश ने खुद को सिविल सेवा की तैयारी करने वाला छात्र बताया। बाद में आरोपी ने कुछ फर्जी दस्तावेज दिखाकर यह दावा किया कि वह आईएएस बन गया है। सबसे बड़ा धोखा तब हुआ जब उसने अपनी होने वाली पत्नी को कानपुर डीएम की पोस्टिंग का एक जाली लेटर दिखाया। इस पर यकीन करके परिजनों ने शादी पक्की कर दी। इसके बाद आरोपी नितेश ने ‘ऊपर पैसा देने’ के बहाने युवती से मोटी रकम ऐंठना शुरू कर दी। पुलिस इस मामले में आरोपी के उसके भाई, भाभी और बिचौलिए रिश्तेदार दिवाकर की भूमिका की भी जांच कर रही है। पीड़िता ने इन सभी के नाम अपनी शिकायत में दर्ज करवाए हैं।
डीसीपी एसएम कासिम आबिदी के मुताबिक, अब तक 26 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हो चुकी है। हालांकि, पीड़िता का दावा है कि उसने कुल 71 लाख रुपये दिए थे। जब युवती ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी नितेश का असली चेहरा सामने आ गया। डीसीपी एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button