पश्चिम बंगाल में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 8 की मौत, कई गंभीर रूप से घायल

कोलकाता,(एजेंसी)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने से कई लोगों की मौत हो गई। अब तक 8 लोगों के मारे जाने की सूचना है। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने बताया कि विस्फोट सुबह करीब दस बजे उस समय हुआ। धमाके के समय पटाखा फैक्टरी के अंदर कई मजदूर काम कर रहे थे। घटना कोलकाता से लगभग 30 किलोमीटर उत्तर में दुत्तापुकुर पुलिस थाना क्षेत्र में नीलगंज के मोशपोल इलाके में हुई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि इमारत की छत पूरी तरह से उड़ गई। एक ही पल में पूरी इमारत ढह गई और वहां मैदान बन गया। मलबे के अंदर कई लोग अभी भी दबे हैं। और पीड़ितों के जले हुए और क्षत-विक्षत शव सड़कों पर आ गए। घायलों को इलाज के लिए बारासात अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है। बचाव अभियान चल रहा है।
जिस समय धमाका हुआ लोग अपने घरों में थे। तेज आवाज सुनकर वे बाहर निकले तो धुएं का गुबार देखा। शरीर के टुकड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे। पुलिस को सूचना दी गई और टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया।
इससे पहले इसी साल मई में पूर्व मेदिनीपुर जिले के एगरा में एक अवैध पटाखा फैक्टरी में इसी तरह के विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी। बंगाल में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके की कई घटनाएं सामने आती हैं। रविवार की घटना ने सबको हिलाकर रख दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button