महाराजपुर पुलिस चौकी से पुलिस की चीता बाइक चोरी, रिपोर्ट दर्ज

गाजियाबाद ब्यूरो। लिंक रोड थाना क्षेत्र की महाराजपुर चौकी के बाहर से देर रात चोरों ने पुलिस की ही चीता बाइक चोरी कर ली। काफी देर तक बाइक नहीं मिलने से पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए तुरंत थाने की टीम ने बाइक की तलाश शुरू की। सरकारी बाइक चोरी होने पर लिंक रोड थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाइक कुछ घंटों बाद ही चौकी के पीछे मिल गई थी। हालांकि, बाइक बरामदगी के दावों में थाने और चौकी इंचार्ज के अलग-अलग बयान भी सामने आए हैं।
पुलिस थाने में दर्ज मुकदमे में लिखाया गया है कि रात 8 से 10 बजे तक हेड कांस्टेबल योगेंद्र सिंह और कांस्टेबल वीरेंद्र राठी की सरकारी मोटर साइकिल चीता-179 बाइक पर डयूटी लगी थी। दोनों ने ड्यूटी खत्म करने के बाद बाइक को महाराजपुर पुलिस चौकी के बाहर खड़ा कर दिया। देर रात में पीसी-35 पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सूचना दी कि चीता बाइक चौकी पर नहीं है। इतना ही नहीं, आसपास इलाके में बाइक को तलाशने पर जब उसका पता नहीं चला तो उपनिरीक्षक पंकज कुमार की तरफ से वाहन चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। इस मामले में चौकी पर पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई है। लिंक रोड थाना और चौकी प्रभारी के बयान भी अलग-अलग सामने आए हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी दावा कर रहे हैं कि बाइक कुछ घंटों बाद ही बरामद हो गई और मुकदमे को खत्म कर दिया गया है। थाना प्रभारी मनीष बिष्ट का कहना है कि चीता बाइक चोरी नहीं हुई थी, वो चौकी के पीछे ही खड़ी थी वहां से मिल गई। चौकी इंचार्ज व शिकायतकर्ता पंकज कुमार का कहना है कि कोई व्यक्ति बाइक ले गया था, वह चोरी नहीं हुई थी। बाइक बरामदगी के बारे में मामले के विवेचक बताएंगे। एसपी सिटी सेकेंड ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि चीता बाइक चोरी नहीं हुई है उसे स्टाफ ने भूल वश दूसरी जगह खड़ा कर दिया गया था। वह बरामद कर ली गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button