बांके बिहारी मंदिर में दान की रकम गिनने आए बैंक अफसर ने चुरा लिए 9 लाख रुपये
A bank officer who came to count the donations at Banke Bihari temple stole Rs 9 lakh

मथुरा/उत्तर प्रदेश। मथुरा जिले के वृंदावन में विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में भगवान की दर से चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। दानपात्र में चढ़ावे के लाखों रुपये चुराने वाला आरोपी भी पकड़ा गया है। यहां मंदिर में पैसे के चढ़ावे को गिनने के लिए आए बैंक के अधिकारी की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वह कपड़ों और अंडरवियर में नोट छिपाकर जाता था। उसके पास से 9 लाख 38 हजार रुपये बरामद किया गया है।बांके बिहारी मंदिर की गोलक खुलने के दौरान बैंक कर्मी ने चोरी की थी। यह गोलक शनिवार को दोपहर में खोली गई थी। बैंक के कर्मचारी रुपये गिनने के लिए आए हुए थे। सीसीटीवी कैमरे की मदद से कर्मचारियों को मंदिर के अंदर पैसों के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के पास से एक लाख से अधिक रुपये मौके से बरामद हुए हैं। सूचना पर पहुंची वृंदावन पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है।
दरअसल, बांके बिहारी मंदिर में आने वाले श्रद्धालु यहां पर जो पैसे दान करते हैं, वो मंदिर में लगे गोलक में एकत्रित होते रहते हैं। बैंक के कर्मचारी उन गोलकों से रुपये गिनकर बैंक में जमा कर देते हैं। यही प्रक्रिया शनिवार को भी चल रही थी। उस समय जिस बैंककर्मी की ड्यूटी गोलक में आए पैसों को गिरने के लिए लगाई गई थी, वो रुपये की चोरी करता हुआ सीसीटीवी में कैद हो गया।
जब बैंक अधिकारी से पुलिस और मंदिर कमिटी के लोगों ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 500 के 218 नोट और 200 के 98 नोट बरामद हुए। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह चोरी कई दिनों से कर रहा है। पहले तो उसने इन चोरी के पैसों को घर पर रखा बताया। लेकिन बाद में बैंक की शाखा में बैग में छुपा कर एक अलमारी में रखने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी के पास से 9 लाख 38 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस संबंध में मंदिर के प्रबंधक की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




