पैसा बाजार का पूर्व कर्मचारी साथी के साथ चिटिंग में गिरफ्तार

नई दिल्ली। नई दिल्ली डिस्ट्रिक्ट के साइबर पुलिस थाना की टीम ने लोगों से चीटिंग करने के मामले का एक खुलासा करते हुए पैसा बाजार के पूर्व कर्मचारी और उसके साथी को गिरफ्तार किया है। यह लोग पैसा बाजार से डाटा चोरी करके आईसीआईसीआई बैंक के कस्टमर को टारगेट करते थे। डीसीपी नई दिल्ली ने बताया कि इनके पास से लैपटॉप और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विवेक, विशाल और जैकी के रूप में हुई है। यह तीनों उत्तर प्रदेश के वाराणसी, बलिया और फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। इनकी गिरफ्तारी से 2 मामलों का खुलासा फिलहाल किया गया है और आगे की पूछताछ अभी इनसे की जा रही है।
क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने के नाम पर किया फ्रॉड
पुलिस के अनुसार 21 फरवरी को मंदिर मार्ग के कालीबारी इलाके में रहने वाले एक शख्स ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि आईसीआईसीआई बैंक के रिप्रजेंटेटिव बनकर उनके पास कॉल आया था। उसने क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट करने के लिए मदद करने की बात कही और उसी दौरान फोन कॉल पर ही ओटीपी लिया गया और उसके कार्ड से 1.45 लाख निकल गया। एसीपी ऑपरेशन रतनलाल की देखरेख में एसएचओ साइबर इंस्पेक्टर विजय पाल, सब इंस्पेक्टर अमित कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील, संदीप वर्मा, कॉन्स्टेबल महेश और मुकेश की टीम ने मामले की छानबीन शुरू की।
क्रेडिट कार्ड अप्लाई करने वालों का डेटा कर रखा है सेव
टेक्निकल सर्विलेंस की मदद से विवेक नाम के एक शख्स पर पुलिस को संदेह गया, लेकिन उसका एड्रेस कंफर्म नहीं हो पा रहा था। पुलिस टीम आगे की छानबीन करती गई और इसी बीच एक जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने फिर पटेल नगर में छापा मारकर विवेक को हिरासत में लिया। उससे जब पूछताछ हुई तो उसने बताया कि वह बीसीए ग्रेजुएट है और पैसा बाजार में वह काम कर चुका है। उसके पास डिफरेंट बैंक कस्टमर का डाटा होता था, जो क्रेडिट कार्ड अप्लाई करते थे।
कैसे देते ठगी को अंजाम?
इसने फिर अपने दो और साथियों विशाल और जैकी के साथ मिलकर इस गोरखधंधे में शामिल हो गया और फिर इसके साथ ही लोगों को कॉल करके लूटने लगे। पुलिस टीम ने फिर विवेक की निशानदेही पर विशाल और जैकी को भी यूपी में छापा मारकर गिरफ्तार किया। पता चला कि विशाल आईसीआईसीआई बैंक के होम लोन डिपार्टमेंट में काम कर चुका है। उसे पता था क्रेडिट कार्ड से बैंक अकाउंट में पैसे को तुरंत कैसे ट्रांसफर किया जाता है। इसका तीसरा साथी जैकी फिलहाल बेरोजगार था आगे की और छानबीन की जा रही है।




