हिमाचल प्रदेश के मंडी में दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी प्राइवेट बस, 1 की मौत, 16 घायल

Tragic road accident in Mandi, Himachal Pradesh, private bus falls into ditch, 1 dead, 16 injured

मंडी/हिमाचल प्रदेश। मंडी जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यह हादसा मंडी-जाहू मार्ग पर पत्रीघाट के पास हुआ, जहां एक प्राइवेट बस गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा तब हुआ जब बस जाहू से मंडी जा रही थी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक यात्री की मौत और 16 घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक, बस में 25 से 30 यात्री सवार थे। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहत और बचाव कार्य में बारिश के कारण बाधा आई, लेकिन फिर भी स्थानीय लोग और प्रशासनिक टीम ने मिलकर घायलों को निकाला। डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, एक अन्य शख्स को बस के अंदर से गंभीर हालत में जीवित बाहर निकाला गया है।
अब तक 16 से अधिक घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई यात्रियों को हल्की चोटें भी आई हैं। दो से तीन लोग बस के नीचे दबे हुए थे, जिन्हें क्रेन की मदद से निकाला गया। हादसे में घायल एक यात्री की टांगें टूट गईं, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। प्रशासन की ओर से बचाव कार्य तेजी से किया गया। स्थानीय लोग भी मदद के लिए तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें लोग घायलों को बस से निकालते नजर आ रहे हैं। एक वीडियो में यह भी देखा गया कि बस के अंदर एक व्यक्ति फंसा हुआ है, जिसे बचाने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में भारी बारिश और फिसलन को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। डीएसपी संजीव गौतम ने बताया कि राहत-बचाव कार्य अब पूरा कर लिया गया है और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने यात्रियों की सूची खंगालने और मृतक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की भयावहता को देखते हुए यह साफ है कि यदि बस पेड़ से न टकराती, तो और ज्यादा जनहानि हो सकती थी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर से पहाड़ी इलाकों में सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की जरूरत को उजागर कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button