दमोह में पत्नी की हत्या के बाद पिता ने 3 बच्चों की काटीं गर्दन, देवर संग अवैध संबंध का शक
पत्नी को मारने के बाद बच्चों को कौन पालता? इसी खौफनाक सनक में एक पिता ने अपने ही पूरे हंसते-खेलते परिवार को मौत के घाट उतार दिया। दमोह के कबीरपुर गांव में देवर संग अवैध संबंध के शक में एक शख्स ने कुल्हाड़ी से पत्नी और अपने 3 मासूम जिगर के टुकड़ों की गर्दन काट दी।

दमोह,मध्य प्रदेश। दमोह जिले के कबीरपुर गांव में शनिवार तड़के एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी और तीन बच्चों की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारका पटेल (28) ने कथित तौर पर पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते वारदात को अंजाम दिया। मृतकों में उसकी पत्नी खेमाबाई (27), सात वर्षीय बेटी उर्मिला, चार वर्षीय बेटा उमेश और एक वर्षीय बेटा राजा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, द्वारका दिल्ली में मजदूरी करता था और कुछ समय पहले ही गांव आया था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का संदेह जताया है। बताया गया है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने कथित रूप से पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की परिस्थितियों तथा आरोपी के बयानों की भी जांच कर रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी बताया जा रहा है। करीब दो महीने पहले भी उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था और उस दौरान हमला किए जाने की बात सामने आई है। बाद में परिजनों के हस्तक्षेप और समझौते के बाद पत्नी वापस घर लौट आई थी। पुलिस अब इस घटना से जुड़े पुराने विवाद और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, वारदात से कुछ घंटे पहले खेमाबाई और उसके तीनों बच्चे गांव में आयोजित गणेश उत्सव के भजन-कीर्तन में शामिल हुए थे। बच्चे देर रात तक धार्मिक आयोजन में मौजूद रहे थे। इसके बाद तड़के हुई घटना से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।




