पकड़ा गया मेरठ का ‘स्पाइडरमैन’, घंटाघर पर चढ़कर बनाई थी रील

मेरठ/उत्तर प्रदेश। घंटाघर की ऊंची दीवार पर खड़ा होकर स्पाइडर मैन की ड्रेस में रील बनाने वाले आरोपी फराज निवासी अबरारनगर लिसाड़ी रोड को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और सामाजिक कार्यकर्ता की शिकायत के बाद पुलिस ने ये कार्रवाई की है।
घंटाघर की दीवार पर चढ़कर स्पाइडर मैन की ड्रेस में आरोपी ने रील बनाकर वायरल की थी। इसके बाद लोगों ने इस रील पर तरह-तरह के कमेंट्स किए थे। सामाजिक कार्यकर्ता लोकेश खुराना ने कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि घंटाघर संरक्षित स्मारक, राष्ट्रीय धरोहर है। ऐसे स्थानों पर स्टंटबाजी करने और रील बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। स्पाइडर मैन की तरह कोई व्यक्ति संरक्षित और ऐतिहासिक स्थलों पर इस तरह का रील बना रहा है, यह उचित नहीं है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि इस मामले की जांच देहली गेट पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच की और आरोपी फराज को गिरफ्तार कर लिया।





