यूपी पुलिस का नया चेहरा, तकनीक और एआई के सहारे मॉडर्न पुलिसिंग की नींव रख रही योगी सरकार

लखनऊ/एजेंसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पुलिस व्यवस्था बीते वर्षों में पारंपरिक ढांचे से आगे बढ़ते हुए आधुनिक, तकनीक-आधारित और डेटा-ड्रिवन मॉडल की ओर तेजी से अग्रसर हुई है। वर्ष 2017 के बाद कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिसिंग को स्मार्ट, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए कई नवाचारी पहलें लागू की गई हैं। इनका सीधा असर अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और आम जनता के भरोसे पर पड़ा है।
एआई और डेटा एनालिटिक्स से अपराध नियंत्रण
योगी सरकार ने अपराध नियंत्रण को तकनीक से जोड़ते हुए क्राइम एनालिटिक्स, क्राइम डेटा पोर्टल और इंटेलिजेंट मॉनिटरिंग सिस्टम को विकसित किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित विश्लेषण के जरिए अपराध के पैटर्न, हॉटस्पॉट और अपराध की पुनरावृत्ति की पहचान की जा रही है। इससे पुलिस को समय रहते सटीक कार्रवाई करने में मदद मिल रही है और रणनीति अधिक परिणामोन्मुख हो गई है।
सीसीटीएनएस और डिजिटल पुलिसिंग का व्यापक विस्तार
प्रदेश में क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (सीसीटीएनएस) को प्रभावी ढंग से लागू कर पुलिस को डिजिटल रूप से सशक्त बनाया गया है। इसके जरिए अपराधियों का केंद्रीकृत डाटाबेस, केस डायरी की डिजिटल इंडेक्सिंग और ऑनलाइन निगरानी संभव हो सकी है। आम नागरिकों की सुविधा के लिए यूपीकोप ऐप विकसित किया गया है, जिसमें ऑनलाइन एफआईआर, चरित्र प्रमाण पत्र, गुमशुदगी रिपोर्ट सहित 27 से अधिक सेवाएं उपलब्ध हैं। इससे पुलिसिंग में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ी हैं।
ऑपरेशन त्रिनेत्र से सीसीटीवी निगरानी मजबूत
प्रदेश में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सार्वजनिक स्थलों, चौराहों, स्कूलों, बैंकों, धार्मिक स्थलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों को थानों के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जिससे रियल टाइम निगरानी और त्वरित कार्रवाई संभव हुई है। इस पहल से अपराधों के खुलासे और रोकथाम में उल्लेखनीय सफलता मिली है।
सेफ सिटी प्रोजेक्ट और इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम
महिला सुरक्षा और शहरी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेफ सिटी परियोजना के तहत इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। यहां से सीसीटीवी निगरानी, आपातकालीन कॉल रिस्पॉन्स, डेटा एनालिटिक्स और फील्ड यूनिट्स का समन्वय किया जाता है। पिंक बूथ, पिंक स्कूटी, सेफ सिटी ऐप और 1090 का यूपी-112 से एकीकरण महिला सुरक्षा को तकनीकी आधार प्रदान कर रहा है।
विवेचना से सजा तक डिजिटल निगरानी
योगी सरकार ने पुलिसिंग को केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रखते हुए इन्वेस्टिगेशन, प्रॉसेक्यूशन और कन्विक्शन मॉनिटरिंग पोर्टल विकसित किया है। इसके माध्यम से मामलों की विवेचना, अभियोजन और दोषसिद्धि की प्रक्रिया की डिजिटल निगरानी की जा रही है। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत हजारों मामलों में सजा सुनिश्चित की गई है, जिससे अपराधियों में कानून का भय और आम जनता में विश्वास बढ़ा है।
आधुनिक इमरजेंसी रिस्पॉन्स का मॉडल
यूपी-112 आज देश की सबसे उन्नत इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेवाओं में शामिल है। जीपीएस युक्त पीआरवी, बॉडी वॉर्न कैमरा, डिजिटल कॉल मैनेजमेंट और एआई आधारित रिस्पॉन्स सिस्टम के जरिए रिस्पॉन्स टाइम में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। यह टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग का प्रभावी उदाहरण बन चुका है।
भविष्य की पुलिसिंग की ओर उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्पष्ट दृष्टिकोण है कि कानून-व्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए तकनीक का अधिकतम उपयोग आवश्यक है। एआई, डिजिटल प्लेटफॉर्म, स्मार्ट सर्विलांस और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली के जरिए उत्तर प्रदेश पुलिस आज मॉडर्न पुलिसिंग के राष्ट्रीय मॉडल के रूप में उभर रही है। ये प्रयास ‘सुरक्षित उत्तर प्रदेश’ की मजबूत नींव रख रहे हैं।
![]()




