प्रेमिका की तीसरी मंजिल से धक्का देकर हत्या, भाग रहा था शव लेकर, गाजियाबाद से गिरफ्तार

नोएडा ब्यूरो। होशियारपुर गांव में प्रेमिका को तीसरी मंजिल से धक्का देकर प्रेमी ने मार डाला। इसके बाद शव को लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने गाजियाबाद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।होशियारपुर निवासी युवती इंश्योरेंस कंपनी में काम करती थी और गौरव से दोस्ती थी। बिजनौर निवासी गौरव नोएडा में सेक्टर-71 में रहकर होशियारपुर गांव की शर्मा मार्केट में लैब टेक्नीशियन है। कुछ माह से युवती उससे अलग होना चाहती थी। मंगलवार को गौरव और युवती शर्मा मार्केट में तीसरी मंजिल पर बात कर रहे थे। इस बीच गौरव ने उसे छत से धक्का दे दिया। नीचे गिरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद गौरव भी नीचे उतर आया और उसे ऑटो से ले जाकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां युवती की हालत बिगड़ने लगी तो वह एंबुलेंस में युवती को गाजियाबाद की तरफ ले जाने लगा। जब युवती की रास्ते में मौत हो गई तो वह शव जलाने के लिए बिजनौर की तरफ जाने लगा। इधर, जब होशियारपुर में घरवालों को युवती के छत से गिरने की सूचना मिली तो उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और युवती के परिजनों ने जब संपर्क किया तो गौरव ने फोन नहीं उठाया। ऐसे में पुलिस ने सर्विलांस के आधार पर गौरव की लोकेशन ट्रेस की और गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया।

जब युवती गिरी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। कोतवाली सेक्टर-49 की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन लोगों से घटना के बारे में पहले पूरी जानकारी नहीं ली। पुलिस ने अस्पताल के बारे में भी पता नहीं लगाया जहां प्राथमिक तौर पर युवती को ले जाया गया था। इस कारण युवती और आरोपी युवक को ट्रेस करने में काफी वक्त लग गया। जब युवती के परिजनों ने पुलिस की शैली पर सवाल खड़े किए तो गौरव की लोकेशन ट्रेस की गई। महिला सुरक्षा को लेकर हमेशा खुद को तत्पर बताने वाली पुलिस की लापरवाही के कारण एक युवती की जान चली गई। युवती के परिजनों ने सितंबर के अंतिम सप्ताह में कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस से शिकायत की थी कि एक युवक उसे परेशान कर रहा है। इस पर पुलिस ने गौरव को धारा 151 के तहत निरुद्ध किया था। इसके बाद भी आरोपी उसे लगातार परेशान कर रहा था तो इसकी शिकायत कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस और स्थानीय पुलिस चौकी में की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई थी। इस कारण गौरव का मनोबल बढ़ता गया और युवती को लगातार परेशान करता रहा। आखिरकार पुलिस की लापरवाही से मंगलवार को युवती की जान चली गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button