राम मंदिर के पुजारियों की बढ़ेगी संख्या, प्रवेश प्रक्रिया 26 जून से से 30 जून तक
Number of priests of Ram temple will increase, admission process from 26 June to 30 June

अयोध्या/उत्तर प्रदेश। राम मंदिर अयोध्या में पुजारियों की संख्या में वृद्धि होगी। राम मंदिर परिसर में बने 14 से अधिक मंदिरों में प्रशिक्षित पुजारियों की तैनाती के साथ अन्य मंदिरों के लिए प्रशिक्षित पुजारी की कमी को पूरा करने के लिए ट्रस्ट पुजारियों के प्रशिक्षण का दूसरा चरण शुरू कर रहा है। इसके लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। मानक पूरा करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी 26 जून से शुरू 30 जून तक प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन करवा सकेंगे। प्रशिक्षण के बाद पुजारियों से राम मंदिर परिसर के 8 मंदिरों में पूजन कराने का कार्य कराया जाएगा।
राम मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक प्रशिक्षण में अयोध्या क्षेत्र के अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। आवेदकों की आयु 20 से 30 वर्ष और 5 वर्षों की गुरुकुल शिक्षा अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को 6 माह का निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें मानदेय भी मिलेगा और प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। नियुक्ति चयन प्रक्रिया में सफलता के आधार पर होगी।
राम मंदिर परिसर में राम दरबार, शेषावतार सहित 8 मंदिरों की संख्या में वृद्धि हुई है। इनके अलावा अस्थाई मंदिर और कुबेर टीला पर कुबेरेश्वर महादेव को मिलाकर 10 मंदिर हो चुके हैं। इसमें सप्त मंडप और गोस्वामी तुलसीदास महाराज के मंदिर को जोड़ने पर संख्या 18 पहुंचती है। वहीं, राम मंदिर में कुल पुजारियों की संख्या 20 है। 5 जून को राम दरबार समेत 8 मंदिरों में प्राण प्रतिष्ठा से पहले ये 20 पुजारी रामलला की सेवा में लगे थे। 5 जून के बाद से 8 मंदिरों में भी सुबह, दोपहर शाम पूजन और भोग के लिए इन्हीं पुजारियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।
मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव ने कहा कि छह माह के प्रशिक्षण के लिए चुने गए अभ्यर्थियों को आवास और भोजन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा इन अभ्यर्थियों को छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। हालांकि, छात्रवृत्ति की राशि को लेकर खुलासा नहीं हुआ है। पहले बैच के चयनित अभ्यर्थियों को दो हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति मिलती थी। इस बार इसमें इजाफा हो सकमा है। प्रशिक्षुओं को प्रायोगिक प्रशिक्षण के तहत रामलला के अलावा राम दरबार, शेषवतार मंदिर समेत 8 मंदिरों में पूजा-अर्चना कराई जाएगी।
अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि में नित्य दर्शन पास धारकों के लिए 22 और 23 जून को राम दरबार का विशेष दर्शन खुला रहेगा। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय ने बताया कि राम दरबार में 5 जून को मूर्ति प्रतिष्ठा के बाद सीढ़ियों पर रेलिंग और अन्य निर्माण कार्यों के कारण दर्शन कुछ समय के लिए स्थगित थे, जो अब बहाल हो गए हैं। रविवार और सोमवार को नित्य दर्शन पासधारी श्रद्धालु राम दरबार के दर्शन का लाभ ले सकेंगे।




