नो एग्जाम नो इंटरव्यू! बिहार में डीएसपी और एसडीओ बनने का मौका
बिहार सरकार ने 'मेडल लाओ और नौकरी पाओ' योजना के तहत दे रही नौकरी

पटना/एजेंसी। बिना एग्जाम और इंटरव्यू के डीएसपी और एसडीओ बन जाएंगे। ये बात बिल्कुल सोलह आने सच है। बिहार सरकार राज्य के धुरंधर खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका दे रही है। ‘मेडल लाओ और नौकरी पाओ’ योजना के तहत, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी सीधी नियुक्ति पा सकते हैं। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए हैं, जिसकी अंतिम तिथि 5 दिसंबर है।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट https://biharsports.org/ पर आवेदन पोर्टल खोल दिया है। इच्छुक खिलाड़ी इस पोर्टल के माध्यम से 5 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। ये प्रक्रिया बिहार के उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति नियमावली 2023 के तहत शुरू की गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, खेल नियुक्ति पोर्टल शुरू होने के साथ ही नियुक्ति प्रक्रिया भी आरंभ हो गई है। ‘मेडल लाओ नौकरी पाओ’ योजना के तहत, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चमकने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी नौकरी मिल सकेगी।
इस योजना के तहत बिहार के मूल निवासी खिलाड़ी राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में स्केल एक और स्केल दो के पदों पर नियुक्त किए जाएंगे। इन पदों के लिए न्यूनतम आयु सीमा 1 अगस्त 2024 को 18 वर्ष होनी चाहिए, जबकि अधिकतम आयु सीमा निर्धारित नहीं है। बिहार के स्थायी निवासी जो केंद्र सरकार या किसी अन्य राज्य या संस्थान में कार्यरत हैं, वे भी अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
‘मेडल लाओ नौकरी पाओ’ योजना के तहत अब तक 342 खिलाड़ियों को बिना परीक्षा और साक्षात्कार के सरकारी नौकरी मिल चुकी है। इस योजना की खास बात यह है कि इसके तहत खिलाड़ियों को एसडीओ से लेकर डीएसपी तक बनने का अवसर मिलता है। वर्ष 2023-24 में इस योजना के तहत 71 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी मिली है।




