वृंदावन में जाम में फंसे बीजेपी विधायक श्रीकांत शर्मा तो छलका दर्द, पुलिस-प्रशासन पर उठाए सवाल
BJP MLA Shrikant Sharma got stuck in traffic jam in Vrindavan and expressed his pain and raised questions on police and administration

मथुरा/उत्तर प्रदेश। बीजेपी विधायक श्रीकांत शर्मा रविवार को मथुरा में गए। सुबह उन्होंने बांके बिहारी के दर्शन किए। इस दौरान उनको भी जाम से जूझना पड़ा। इस पर उनका दर्द छलक पड़ा। उन्होंने वृंदावन की यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। जाम की समस्या को लेकर कहा कि प्रतिबंधित इलाके में वाहनों का प्रवेश हो रहा है, जिससे लोगों को काफी ज्यादा परेशानी हो रही है। पुलिसकर्मियों की तैनाती को लेकर भी सवाल उठाए।
अपने एक्स हैंडल पर बीजेपी विधायक श्रीकांत शर्मा ने एक पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि वृंदावन की यातायात व्यवस्था लम्बे समय से ध्वस्त है। प्रशासनिक निष्क्रियता की स्थिति यह है कि आज प्रातः 7:45 से 8 बजे के मध्य मल्टी लेवल पार्किंग, प्रेम मंदिर तिराहा आदि नाकों पर एक भी सिपाही तैनात नहीं था और बाहरी वाहन लगातार प्रतिबंधित मार्गों में प्रवेश कर रहे थे। इसके अतिरिक्त वाराह घाट, सुनरख रोड पर बड़ी संख्या में प्राइवेट वाहन खड़े थे और लगभग सभी प्रमुख मंदिरों तक पहुंचने वाले मार्गों पर ऐसे वाहनों एवं अस्थायी अतिक्रमण के कारण दिन के अधिकांश समय जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आगंतुक श्रद्धालु और स्थानीय ब्रज-जन दोनों त्रस्त हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश हैं कि मथुरा-वृंदावन की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। मथुरा-वृंदावन के सभी प्रमुख मार्ग विशेष रूप से प्रमुख मंदिरों तक जाने वाले मार्ग अस्थायी अतिक्रमण एवं जाम से मुक्त हों और रेहड़ी-पटरी पर सामान बेचने वालों के लिए वेंडिंग जोन बनाए जाएं। उन्होंने मथुरा पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह और डीआईजी शैलेश कुमार पांडे को इसका संज्ञान लेने की बात कही है। कहा कि मुख्यमंत्री जी के आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करें।




