इंदिरापुरम में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 12 बाइक और 2 कार बरामद

इंदिरापुरम पुलिस ने राकेश उर्फ प्रवीन यादव को गिरफ्तार कर 11 हीरो स्प्लेंडर समेत 12 दोपहिया और दो कारें बरामद कीं। आरोपी चोरी की बाइक गिरवी रखकर उधार लेता और वाहन सस्ते दामों में बेचता था।

संवाददाता/राजीव अवस्थी

गाजियाबाद। फर्जी नंबर प्लेट लगी कार से वाहन चोरी करने और चोरी की मोटरसाइकिलों को गिरवी रखकर लोगों से उधार लेने वाले शातिर वाहन चोर राकेश उर्फ प्रवीन यादव को इंदिरापुरम थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 11 हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल समेत 12 दोपहिया और दो चारपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में इंदिरापुरम, कौशांबी, नोएडा और दिल्ली के विभिन्न इलाकों से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं।
इंदिरापुरम थाना पुलिस वाहन चोरों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिप्रा मॉल के पास घेराबंदी कर राकेश उर्फ प्रवीन यादव को गिरफ्तार कर लिया। करीब 47 वर्षीय आरोपी मूल रूप से शाहजहांपुर के जैतीपुर थाना क्षेत्र के जैतीपुर कुलवा भोज गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-63 स्थित चोटपुर छिजारसी में रह रहा था।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, आरोपी नोएडा में वाहन चलाने का काम करता था, लेकिन कमाई से परिवार का खर्च और अपने शौक पूरे नहीं हो पा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद उसने दोपहिया और चारपहिया वाहन चोरी करना शुरू कर दिया। वह चोरी की वैगनआर पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर निकलता और मकानों व संस्थानों के बाहर खड़े वाहनों को निशाना बनाता था। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग ठिकानों पर छिपाकर रखता था और बाद में कार से वहां से चला जाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी किए गए वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें कम कीमत पर जरूरतमंद लोगों को बेच देता था। इसके अलावा लोगों से पैसे उधार लेकर उसके बदले चोरी की मोटरसाइकिल गिरवी रखने का भी तरीका अपनाता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने वाहन चोरी किए हैं और उसके साथ इस गतिविधि में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे और उसकी निशानदेही पर 11 हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक एक्टिवा स्कूटी, एक मारुति ईको और एक मारुति सुजुकी वैगनआर बरामद की। बरामद वाहनों में इंदिरापुरम, कौशांबी, नोएडा के सेक्टर-34 तथा दिल्ली के गाजीपुर, बुराड़ी और पांडव नगर से चोरी किए गए वाहन शामिल हैं। कुछ वाहनों के संबंध में पुलिस अभी जानकारी जुटा रही है। जांच में वैगनआर पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली, जबकि ईको बुराड़ी और वैगनआर पांडव नगर क्षेत्र से चोरी की गई थी।
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी के खिलाफ इंदिरापुरम और क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में धोखाधड़ी के एक-एक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास और संभावित साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button