गुरुग्राम में 8वीं की छात्रा का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो वायरल हुआ तो पिता पहुंचे थाने

गुरुग्राम। गुरुग्राम के सोहना से तीन युवकों की दरिंदगी का मामला सामने आ रहा है। यहां एक कक्षा आठ की छात्रा को पहले उसके स्कूल से अगवा किया गया फिर तीन युवकों ने मिलकर उसका सामूहिक दुष्कर्म किया। यह वाकया रविवार का है जब छात्रा एक खेल के कार्यक्रम के तहत स्कूल गई थी। डीसीपी साउथ उपासना ने बताया कि, आरोपियों ने लड़की का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने मामले की जानकारी के बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए छानबीन तेज कर दी और पीड़िता का मेडिकल भी करा लिया गया है। 14 वर्षीय पीड़िता के पिता की शिकायत के अनुसार बीते साल 18 दिसंबर को उनकी बेटी को उसके स्कूल से तीन युवकों ने किडनैप कर लिया था। इनके नाम मयंक, गौरव और हरीश हैं। वह बच्ची को पहाड़ी इलाके में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। उन्होंने पीड़िता को धमकी भी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देंगे।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 363(अपहरण) और 376-डी (16 साल से कम उम्र की महिला के साथ दुष्कर्म) के साथ ही पॉक्सो एक्ट की धारा 13/6 के तहत सोहना सदर थाने में एफआईआर दर्ज की है।




