लखीमपुर में तेंदुए से भिड़ गया युवक, नजारा देख उड़े सबके होश, 5 लोग घायल होने के बाद पकड़ में आया
A young man clashed with a leopard in Lakhimpur, everyone was shocked to see the scene, he was caught after 5 people got injured

लखीमपुर खीरी/उत्तर प्रदेश। लखीमपुर खीरी जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ईंट भट्ठे में घुसे तेंदुए ने युवक पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से डरने के बजाए युवक उससे भिड़ गया और दोनों के बीच काफी देर तक लड़ाई होती रही। वहां मौजूद लोगों ने ईंट-पत्थर मारकर छुड़ाने का प्रयास किया। वहां मौजूद लोगों ने युवक के साहस से जुड़ा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। अब जो भी यह वीडियो देख रहा है, वह युवक की हिम्मत को सलाम कर रहा है।
धौरहरा वन रेंज के जुगनूपुर स्थित ईंट-भट्ठे पर तेंदुए ने सोमवार को वहां काम करने गए युवक पर हमला कर दिया। इस पर युवक उससे भिड़ गया। यह देख काफी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और तेंदुए पर ईंट-पत्थर फेंके। इसके बाद तेंदुआ भाग गया, जिससे युवक की जान बची। हालांकि वह घायल हो गया। साथ ही तेंदुआ भी घायल बताया जा रहा है। सूचना पर रेंजर और वन दारोगा पहुंचे तो घायल तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। इससे वन दारोगा और रेंजर समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ट्रेंकुलाइज कर तेंदुए को पकड़ लिया है।
धौरहरा वन रेंज के गांव जुगनूपुर गांव स्थित मेड़ईलाल वर्मा के भट्ठे की चिमनी में छिपे बैठे तेंदुए ने गिरधारी पुरवा निवासी मिहीलाल (35) पर हमला कर दिया। यह देख पड़ोस के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने युवक को बचाने के लिए तेंदुए पर ईंटों-पत्थरों से हमला कर दिया। इससे तेंदुआ युवक को छोड़कर केले के खेत में घुस गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी को दी।
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम जाल लेकर केले के खेत की ओर बढ़ रही थी, तभी तेंदुए ने टीम पर हमला कर दिया। इससे वन दारोगा राजेश कुमार दीक्षित, रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी, पीआरवी आरक्षी राम सजीवन और एक ग्रामीण गांव जुगुनूपुर निवासी इकबाल खां घायल हो गए। घायलों को सीएचसी धौरहरा लाया गया। जहां डॉक्टर ने फौरी इलाज के बाद मिहीलाल, इकबाल खां, वन दरोगा राजेश दीक्षित को लखीमपुर रेफर कर दिया। मामूली घायल रेंजर नृपेंद्र चतुर्वेदी और पीआरवी आरक्षी को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी। घटना के बाद मौके पर वन विभाग की टीम के अलावा प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मिश्र और सीओ शमशेर बहादुर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंच गए। काफी संख्या में ग्रामीणों ने खेत को घेर लिया। कुछ देर बाद वनकर्मियों ने ट्रेंकुलाइज कर तेंदुए को पकड़ लिया है। क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि तेंदुए के हमले से वन दारोगा, रेंजर और युवक सहित चार-पांच लोग घायल हुए हैं।




