इमरान खान की एक आंख की रोशनी खत्म! जेल में बिगड़ी तबीयत
पाकिस्तान सुप्रीम कोर्ट ने दिया बड़ा आदेश

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीटीआई प्रमुख इमरान खान के लिए जेल से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। अडियाला जेल में बंद खान के स्वास्थ्य को लेकर पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट में सौंपी गई एक रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान की एक आंख की रोशनी लगभग खत्म हो चुकी है और उन्हें तत्काल इलाज की आवश्यकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान के स्वास्थ्य की जांच के लिए वरिष्ठ वकील सलमान सफदर को न्यायमित्र बनाकर जेल भेजा था। सफदर ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि इमरान खान की दाहिनी आंख की दृष्टि अब केवल 15 प्रतिशत ही बची है। रिपोर्ट में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि उन्हें तुरंत सही चिकित्सा नहीं मिली तो वे अपनी दोनों आंखों की रोशनी पूरी तरह से खो सकते हैं। वकील सफदर के अनुसार, अक्टूबर 2025 तक खान का स्वास्थ्य ठीक था लेकिन उसके बाद उनकी दाहिनी आंख की रोशनी अचानक चली गई।
इमरान खान की पार्टी, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के अनुसार, उन्हें सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन नामक समस्या हुई है। नेशनल हेल्थ फाउंडेशन के विशेषज्ञों का कहना है कि इस बीमारी में आंखों की नसों में रक्त का थक्का जम जाता है जिससे नसों में खतरनाक रुकावट पैदा हो जाती है। हालांकि सरकार का दावा है कि उनका इलाज किया जा चुका है लेकिन उनकी पार्टी और मेडिकल रिपोर्ट इस दावे से संतुष्ट नहीं हैं।
इस रिपोर्ट पर संज्ञान लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। कोर्ट ने सरकार को आदेश दिया है कि 16 फरवरी 2026 से पहले देश के शीर्ष डॉक्टरों की एक विशेष टीम जेल भेजी जाए और उनका समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा, कोर्ट ने मानवीय आधार पर इमरान खान को उनके दोनों बेटों से फोन पर बात कराने का भी निर्देश दिया है जिसकी मांग उनके वकील ने की थी। 73 वर्षीय इमरान खान मई 2023 से जेल में बंद हैं। उन पर भ्रष्टाचार और सेना के खिलाफ लोगों को उकसाने जैसे कई गंभीर आरोप हैं। जेल में रहने के दौरान उनके स्वास्थ्य में आई इस भारी गिरावट ने उनके समर्थकों और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों की चिंता बढ़ा दी है। अब सबकी नजरें 16 फरवरी की समय सीमा पर टिकी हैं जब डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जांच करेगी।




