नए साल के जश्न में खपाने के लिए दिल्ली लाए थे 10 करोड़ की हेराेइन, तस्कर गिरफ्तार

नई दिल्ली। बरेली से हेरोइन लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए क्राइम ब्रांच की टीम ने दो तस्करों को दबोचा है। उनके कब्जे से 2.034 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ है। माना जा रहा है कि इसे नए साल के जश्न में खपाने के लिए लाया गया था। इसके अलावा हेरोइन सप्लाई करने में इस्तेमाल की जाने वाली स्कूटी और सिंडिकेट चलाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इंदरपुरी के अंशुल राणा और मादीपुर के गंगा प्रसाद उर्फ विक्की के रूप में हुई है। पुलिस टीम इनसे पूछताछ कर गिरोह में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
क्राइम ब्रांच के उपायुक्त हर्ष इंदौरा के मुताबिक, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि अंशुल राणा नामक ड्रग तस्कर क्वींस वैली स्कूल, सेक्टर-08, द्वारका के पास किसी को बड़ी मात्रा में हेरोइन सप्लाई करने आने वाला है। सूचना पर एसीपी राजपाल डबास की देखरेख में और इंस्पेक्टर पवन सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और छापेमारी करते हुए अंशुल को द्वारका सेक्टर-8 स्थित डीडीउए स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स के पास से दबोच लिया गया।
तलाशी लेने पर उसके बैग से 2.034 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई।जांच में पता चला कि आरोपी ने बरामद हेरोइन मादीपुर के रहने वाले गंगा प्रसाद से खरीदी थी, जिसने आगे यह हेरोइन उत्तर प्रदेश के बरेली से खरीदी थी। इसके बाद जांच में गंगा प्रसाद की लोकेशन लक्ष्मी नगर में ट्रेस की गई। इंस्पेक्टर सतीश मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी कर उसे भी दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी अंशुल ने बताया कि वह एक संगठित गैंग का हिस्सा है जो दिल्ली समेत एनसीआर में हेरोइन खरीदने और सप्लाई करने में शामिल था। आरोपी गंगा प्रसाद ने बताया कि वह यूपी के बरेली से हेरोइन खरीदता था। बरेली से बड़ी मात्रा में हेरोइन खरीदने के बाद, वह इसे अंशुल को बेच देता था, जो इसे दिल्ली एनसीआर में अलग-अलग लोगों और रिटेल विक्रेताओं को अधिक कीमत पर बेच देता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button