फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार दो लोगों की मौत, मासूम घायल

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ।जहानाबाद में स्कूटी सवार मामा और भांजे-भांजी को तेज रफ्तार डंपर ने शनिवार को टक्कर मार दी। स्कूटी से गिरे मामा और भांजी को बेकाबू डंपर ने कुचल डाला। स्कूटी में फंसने से भांजा बाल-बाल बचा। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके से शवों को हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे नाराज परिजनों ने थाने में हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया।
कानपुर साढ़ थाना क्षेत्र के बौहारा निवासी श्यामू सोनकर (30) स्कूटी से जहानाबाद सीएचसी में भर्ती बहन पूजा को देखने पहुंचा था। सीएचसी में दूसरी बहन जानकी पत्नी प्रेमचंद्र मौजूद थी। प्रेमचंद्र जहानाबाद थाना कस्बा के मोड़ पर रहते हैं। स्कूटी में श्यामू बहनोई प्रेमचंद्र की पुत्री जैस्मीन (9), पुत्र नमन (7) को सीएचसी से उनके घर छोड़ने जा रहा था। मुगलमार्ग हाईवे पर कछेउरा मोड़ के पास स्कूटी सवारों को बकेवर की ओर से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी।
स्कूटी से श्यामू और जैस्मीन उछलकर रोड पर गिरे। स्कूटी के बीच में नमन फंस गया। मामा और भांजी को डंपर कुचलते हुए भाग निकला। हादसा देखकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे में नमन को मामूली चोट आई। श्यामू और जैस्मीन के क्षत विक्षत शव पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। सूचना पर परिजन पहुंचे। थाने में शवों को न देखकर हंगामा काटने लगे। पुलिस ने शव देखने लायक स्थित न होने का हवाला दिया। किसी तरह पुलिस ने लोगों को शांत किया। पुलिस को तलाश में घटनास्थल से कुछ दूरी पर डंपर खड़ा मिला। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार द्विवेदी ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है।




