प्रेमी से विवाह के लिए नरगिस ने गोमूत्र पीकर अपनाया सनातन धर्म, नया नाम रखा इच्छा देवी
यूपी के बरेली में मुस्लिम युवती ने अपने हिंदू प्रेमी से विवाद करने के लिए सनातन धर्म अपनाया। गोमूत्र पीकर शुद्धीकरण किया गया। इसके बाद युवती की शादी कराई गई।

बरेली, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक युवती द्वारा सनातन धर्म अपनाकर अपने प्रेमी से विवाह करने का मामला सामने आया है। आंवला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी नरगिस ने धर्म परिवर्तन के बाद अपना नाम इच्छा देवी रख लिया और गांव के ही आकाश कश्यप के साथ वैवाहिक संबंध स्थापित कर लिए। युवती का कहना है कि उसने यह निर्णय अपनी इच्छा से लिया है और उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया गया।
जानकारी के अनुसार, सुभाषनगर थाना क्षेत्र के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में महंत आचार्य पंडित केके शंखधार की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुद्धीकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इस दौरान नरगिस ने गोमूत्र ग्रहण किया और गंगाजल व गोमूत्र से आचमन कराया गया। इसके बाद पवित्रीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। बताया गया कि युवती ने बिना रुके तीन बार गायत्री मंत्र का उच्चारण भी किया। धार्मिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसका नाम इच्छा देवी रखा गया।
नरगिस और आकाश की पहचान करीब डेढ़ वर्ष पहले सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। युवती के मुताबिक, बातचीत की शुरुआत उसने स्वयं आकाश को संदेश भेजकर की थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध प्रेम में बदल गए। इसके बाद युवती ने आकाश के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। बताया गया कि नरगिस इंटरमीडिएट तक पढ़ी है, जबकि आकाश हाईस्कूल पास है।
विवाह करने की इच्छा से नरगिस पहले भी आकाश के साथ दिल्ली चली गई थी। हालांकि, उस समय युवती के परिजनों के विरोध के बाद आकाश के परिवार वालों ने उसे वापस भेज दिया था। कुछ समय बाद वह दोबारा आकाश के पास पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने विवाह करने का निर्णय लिया। युवती ने फतेहगंज पश्चिमी स्थित आर्य समाज मंदिर में विवाह संपन्न होने और विवाह प्रमाण-पत्र होने की जानकारी भी दी।
नरगिस से इच्छा देवी बनी युवती का कहना है कि पिछले चार-पांच वर्षों से उसकी आस्था हिंदू धर्म में रही है। उसने अपनी इच्छा से सनातन धर्म अपनाया और आकाश के साथ विवाह किया है। वहीं, आकाश ने बताया कि युवती के परिजनों से जान का खतरा महसूस होने के कारण वे फिलहाल गांव में नहीं रह रहे हैं और दिल्ली में रह रहे हैं। इच्छा देवी के अनुसार, आकाश के परिवार वालों ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है।
इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। युवती की ओर से अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन और विवाह करने की बात कही गई है।




