किसान से मारपीट के आरोप में चिलकाना थाना एसएचओ समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, बिना वर्दी पहुंचे थे जांच करने

सहारनपुर में किसान से मारपीट के आरोप सही पाए जाने पर चिलकाना थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

सहारनपुर, उत्तर प्रदेश। किसान के साथ मारपीट और अभद्रता के मामले में चिलकाना थाना पुलिस पर कार्रवाई की गई है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद एसएसपी अभिनंदन ने चिलकाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अक्षय शर्मा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। निलंबित होने वालों में सिपाही अरविंद और विवेक कुमार भी शामिल हैं। आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी बिना वर्दी के अवैध खनन की जांच के लिए गए थे और इसी दौरान किसान व उसके साथियों के साथ मारपीट की गई।

हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव घोड़ो पीपली निवासी किसान अनिल कुमार सिंह ने 25 नवंबर 2026 को सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन को शिकायत देकर पूरे मामले से अवगत कराया था। किसान के अनुसार, 16 नवंबर की रात करीब 10:25 बजे वह अपने दो साथियों के साथ एक अन्य परिचित को घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उत्तराखंड नंबर की एक ब्रेजा कार आई। कार सवार लोगों ने उनके साथ बदसलूकी की और रास्ते से साइड में होने के लिए कहा।

अनिल कुमार सिंह का आरोप है कि कुछ दूरी आगे जाने पर वही लोग दोबारा पीछे से आए और उनकी गाड़ी रुकवा ली। कार से उतरे लोगों के हाथों में लाठी-डंडे थे। उन्होंने अनिल और उनके साथियों के साथ मारपीट और अभद्रता की। आरोप है कि उनकी गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने के साथ ही उसे जबरन छीनने का प्रयास भी किया गया। इस दौरान उनके साथ मौजूद दोनों साथियों के रुपये और मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।

घटना के बाद किसान अनिल कुमार यमुनानगर के बूडिया थाने की घोड़ो पीपली पुलिस चौकी पहुंचे और चौकी इंचार्ज को शिकायत दी। उनका कहना है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से जा चुके थे। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि मारपीट और अभद्रता करने वाले लोग सहारनपुर के चिलकाना थाने में तैनात पुलिसकर्मी थे।

किसान ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सहारनपुर के एसएसपी को सौंपी थी। इसके अलावा उन्होंने यमुनानगर के एसएसपी कमलदीप गोयल को भी शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहारनपुर एसएसपी अभिनंदन ने एसपी सिटी व्योम बिंदल और सीओ देवबंद अमित सिंह को जांच सौंपी थी।

दोनों अधिकारियों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने शुक्रवार को चिलकाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अक्षय शर्मा, सिपाही अरविंद और विवेक कुमार को निलंबित कर दिया। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button