गांवों में पास्टर-पादरी के प्रवेश पर लगाई रोक, धर्मांतरण के विरोध में जशपुर ग्राम पंचायतों का फैसला
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धर्मांतरण के खिलाफ आदिवासी समाज ने बड़ी पहल की है। जशपुर जिले की चार पंचायतों में ईसाई धर्म के लोगों की गांव में एंट्री पर बैन किया गया है। यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है।

जशपुर,छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के नाम पर धर्मांतरण के खिलाफ ग्राम पंचायतों ने कदम उठाना शुरू कर दिया है। जिले की सोगड़ा, चढ़िया, डूमरटोली और टेम्पू ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा की सहमति से पास्टर, फादर और सिस्टर के गांव में आने पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद गांवों के प्रवेश मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रतिबंध संबंधी सूचना वाले बोर्ड लगाए गए हैं।
ग्रामीणों और आदिवासी समाज के लोगों का कहना है कि प्रलोभन देकर धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे उनकी पारंपरिक संस्कृति, रीति-रिवाज और सामाजिक पहचान प्रभावित हो रही है। उनका मानना है कि आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं।
हालांकि, ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेशाध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने ग्राम पंचायतों के इस फैसले पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि पोस्टर और बोर्ड लगाकर धर्मांतरण नहीं रोका जा सकता। इसके लिए समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों को समझाने की जरूरत है।
बताया जा रहा है कि बोर्ड लगाने के दौरान जशपुर विधायक रायमुनी भगत भी मौजूद थीं। आदिवासी समाज के कुछ नेताओं ने जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी इस तरह के बोर्ड लगाने और धर्मांतरण के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन भी सतर्क हो गया है।
ग्राम पंचायतों की ओर से लगाए गए बोर्ड में प्रलोभन देकर धर्मांतरण को आदिवासी संस्कृति और पहचान के लिए खतरा बताते हुए ग्रामसभा के प्रस्ताव के आधार पर धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों के उद्देश्य से बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने की बात लिखी गई है। इस फैसले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।




