मुंबई में 18 से 20 दिसंबर तक होगी ‘विश्व हिंदू कांग्रेस 2026’, 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के जुटने की संभावना
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का चौथा संस्करण 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया जाएगा।

मुंबई, एजेंसी। विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) की ओर से 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई में ‘विश्व हिंदू कांग्रेस 2026’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें 60 से अधिक देशों के 4,000 से ज्यादा प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। विश्व हिंदू कांग्रेस के प्रवर्तक और वीएचपी के संयुक्त महासचिव स्वामी विज्ञानानंद ने इसकी घोषणा की। तीन दिवसीय सम्मेलन मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित होगा।
विज्ञानानंद के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य अर्थव्यवस्था, शिक्षा, अकादमिक जगत, मीडिया और राजनीति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में हिंदू समाज की भागीदारी और प्रभाव को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि रणनीतिक विषयों पर केंद्रित सम्मेलन होगा। इसमें सात विषयगत सम्मेलन और चार विशेष रणनीतिक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू कांग्रेस की परिकल्पना हिंदू नेताओं, विचारकों, उद्यमियों, शिक्षाविदों, नीति निर्माताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को साझा मंच पर लाने के उद्देश्य से की गई थी। विज्ञानानंद ने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में लंबे समय तक काम करने के दौरान उन्होंने महसूस किया कि हिंदू समाज के पास कई क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए स्पष्ट और केंद्रित रणनीति विकसित करने की आवश्यकता है। आईआईटी से स्नातक विज्ञानानंद ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में समाज की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
सम्मेलन के सात विषयगत सत्र अर्थव्यवस्था, शिक्षा, अकादमिक जगत, मीडिया, राजनीति, युवा और महिला सशक्तीकरण के साथ हिंदू संगठनों, मंदिरों तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच समन्वय पर केंद्रित होंगे। इनका आयोजन विश्व हिंदू आर्थिक मंच, हिंदू शिक्षा बोर्ड, विश्व हिंदू शिक्षाविद संघ, हिंदू मीडिया मंच, विश्व हिंदू लोकतांत्रिक मंच, हिंदू छात्र एवं युवा नेटवर्क, हिंदू महिला मंच तथा हिंदू संगठन, मंदिर एवं संघ मंच जैसे संगठनों की ओर से किया जाएगा।
इसके अलावा ‘भाषा’, ‘समाज’, ‘विश्वकर्मा’ और ‘धर्म’ विषयों पर चार विशेष रणनीतिक सत्र आयोजित होंगे। विज्ञानानंद ने बताया कि सम्मेलन में जापान की शिंतो परंपरा के प्रतिनिधियों के साथ जापान, कोरिया, ताइवान, वियतनाम और चीन के बौद्ध समुदायों के सदस्य तथा अन्य एशियाई समुदायों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। अफ्रीकी देश घाना के नव-हिंदू समुदाय के प्रतिनिधियों के शामिल होने की भी संभावना है। सम्मेलन में विभिन्न समुदायों के बीच सहयोग और संपर्क बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।
विज्ञानानंद ने व्यापार, अंतरराष्ट्रीय संपर्क और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के इच्छुक लोगों से सम्मेलन में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कर्नाटक सहित देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को भी इसमें शामिल होने का निमंत्रण दिया। आयोजकों के अनुसार, प्रतिनिधि के रूप में भाग लेने के इच्छुक लोगों के लिए पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।




