हिंदुओं को बुरी नजर से देखा, तो जुमे को उठने-बैठने में होगी दिक्कत, कुर्ला हमले के बाद मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे की विवादित टिप्पणी

बीजेपी नेता नितेश राणे ने महाराष्ट्र में मुस्लिम आबादी से जुड़ी रिपोर्ट्स पर बात करते हुए दावा किया कि लव जिहाद और लैंड जिहाद जैसे कॉन्सेप्ट गज़वा-ए-हिंद के बड़े मकसद के हिस्से हैं। इनका मकसद इस हिंदू देश और आखिर में पूरी दुनिया का इस्लामीकरण करना है।

मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे (फाइल फोटो)

मुंबई, एजेंसी। मुंबई के कुर्ला इलाके में एक सार्वजनिक पार्क में युवक और उसकी महिला मित्र पर हुए कथित हमले के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने इस घटना के बहाने मदरसों की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसों में हिंदुओं के प्रति नफरत, धर्म परिवर्तन और हिंसा की शिक्षा दी जाती है। उनके इस बयान पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए भाजपा पर अपराधों को धार्मिक रंग देने और समाज में विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया है।

कुर्ला के एक सार्वजनिक पार्क में आठ लड़कों द्वारा एक युवक और उसकी महिला मित्र पर कथित हमला किए जाने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले में किशोर न्याय बोर्ड ने आरोपित किशोरों को चार दिसंबर तक सुधारगृह भेजने का आदेश दिया है।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए नितेश राणे ने आरोप लगाया कि मदरसों में अच्छी शिक्षा देने के बजाय हिंदुओं के खिलाफ नफरत फैलाने और धर्म परिवर्तन कराने की शिक्षा दी जाती है। उन्होंने दावा किया कि वहां डॉक्टर और इंजीनियर तैयार करने के बजाय हिंदुओं को निशाना बनाने की बातें सिखाई जाती हैं। राणे ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में हिंदुत्ववादी सरकार है और हिंदुओं को निशाना बनाने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने हिंदुओं से सतर्क रहने तथा केवल अपने समुदाय के लोगों के साथ व्यापार और संपत्ति संबंधी व्यवहार करने की अपील भी की।

भाजपा नेता ने अपने बयान में मुस्लिम समुदाय की तुलना सांपों से करते हुए भी विवादित टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को संरक्षण देने के बजाय हिंदू राष्ट्र और भगवान महादेव की भूमि को मजबूत करने की दिशा में काम करना चाहिए। उनके इन बयानों के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में बहस तेज हो गई है।

कांग्रेस ने राणे की टिप्पणियों पर पलटवार करते हुए कहा कि किसी अपराध को धर्म के चश्मे से देखना उचित नहीं है। कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि अपराध करने वाले व्यक्ति की पहचान उसके कृत्य से होनी चाहिए, न कि उसके धर्म से। किसी एक समुदाय के व्यक्ति के अपराध के आधार पर पूरे समुदाय को निशाना बनाना संविधान के समानता, धर्मनिरपेक्षता और बंधुत्व के मूल्यों के खिलाफ है।

सावंत ने भाजपा पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक समुदाय के व्यक्ति के अपराध को गंभीर खतरे के रूप में पेश किया जाता है, जबकि दूसरे समुदाय के अपराध को हल्के रूप में दिखाया जाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि अपराधियों के साथ धर्म के आधार पर अलग-अलग व्यवहार क्यों किया जा रहा है। उन्होंने दोहराया कि आपराधिक प्रवृत्ति का कोई धर्म नहीं होता।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कुर्ला की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में होने वाली आपराधिक घटनाओं को चुनिंदा तरीके से धार्मिक रंग देना राजनीतिक ध्रुवीकरण को बढ़ावा देता है। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

कुर्ला की घटना ने जहां सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाई है, वहीं इस पर नेताओं की बयानबाजी ने सांप्रदायिक सद्भाव और राजनीतिक जिम्मेदारी से जुड़े सवाल भी खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button