ऑपरेशन सवेरा के तहत गाजियाबाद पुलिस ने किया 2 लाख से अधिक बुजुर्गों का सत्यापन, 8,537 की मृत्यु की हुई पुष्टि

ऑपरेशन सवेरा के तहत गाजियाबाद पुलिस ने 2 लाख से अधिक बुजुर्गों का सत्यापन किया। अभियान में 8,537 वरिष्ठ नागरिकों की मृत्यु की पुष्टि हुई, जबकि 1.40 लाख से अधिक बुजुर्ग घर पर सुरक्षित मिले। पुलिस के अनुसार, 50,806 बुजुर्ग दूसरे स्थानों पर चले गए हैं और 55,639 का सत्यापन अभी बाकी है।

परिपूर्ण न्यूज़/संवाददाता

गाजियाबाद। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गाजियाबाद पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन सवेरा के तहत विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। 23 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 तक चले इस अभियान में पुलिस ने कमिश्नरेट क्षेत्र में पंजीकृत 2,55,653 वरिष्ठ नागरिकों में से 2,00,014 का सत्यापन पूरा किया। इस दौरान 1,40,671 बुजुर्ग अपने निवास स्थान पर सकुशल और मौजूद मिले, जबकि 8,537 वरिष्ठ नागरिकों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई। वहीं, 50,806 वरिष्ठ नागरिक ऐसे मिले, जो वर्तमान में अपना पुराना निवास स्थान छोड़कर अन्य स्थानों पर रहने चले गए हैं।

पुलिस आयुक्त गाजियाबाद के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करना, उनकी कुशलक्षेम जानना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसके लिए एसएसओ पोर्टल पर वर्ष 2019 से अब तक पंजीकृत वरिष्ठ नागरिकों का विवरण लेकर पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सत्यापन की कार्रवाई की।

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 23 नवंबर 2026 तक कुल 55,639 वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन होना अभी शेष है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शेष बुजुर्गों तक पहुंचने और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए कमिश्नरेट गाजियाबाद के सभी थानों में वरिष्ठ नागरिक सेल स्थापित किए गए हैं। इन सेल के माध्यम से बुजुर्गों की शिकायतों और समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाता है तथा उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा बीट पुलिस अधिकारियों और बीट उपनिरीक्षकों को भी समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों के घर जाकर उनकी कुशलक्षेम जानने और जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन सवेरा केवल सत्यापन अभियान नहीं, बल्कि बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने की पहल है। पुलिस के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों से लगातार संपर्क बनाए रखने, उनकी समस्याओं को समझने और आवश्यकता के अनुसार सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शेष 55,639 वरिष्ठ नागरिकों का सत्यापन पूरा होने तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button