संतरों के शहर नागपुर का नाम दीक्षाभूमि करने की उठी मांग, बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की है दीक्षाभूमि

महाराष्ट्र में राज्य सरकार द्वारा मुंबई में एक्वा लाइन मेट्रो स्टेशन के दादर स्टेशन का नाम चैत्यभूमि करने के लेकर राजनीति गर्म है। संजय राउत ने सरकार को सुझाव दिया है कि लगे हाथ नागपुर का नाम भी दीक्षाभूमि कर दें।

मुंबई,एजेंसी। महाराष्ट्र में दादर स्टेशन के नाम को लेकर चल रहा विवाद अब स्पष्ट हो गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ कर दिया है कि मुंबई के ऐतिहासिक दादर रेलवे स्टेशन का नाम नहीं बदला जाएगा। इसका नाम पहले की तरह दादर ही रहेगा। बदलाव केवल मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन-3 के दादर स्टेशन के नाम में किया जाएगा, जिसे आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ‘चैत्यभूमि’ नाम दिया जाएगा। सरकार के इस स्पष्टीकरण के बाद रेलवे स्टेशन और मेट्रो स्टेशन के नाम को लेकर पैदा हुई भ्रम की स्थिति दूर हो गई है।

दरअसल, दादर स्टेशन का नाम बदलकर चैत्यभूमि किए जाने की चर्चा के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद खड़ा हो गया था। इस मुद्दे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने विरोध जताया था, वहीं उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) ने भी सरकार पर सवाल उठाए थे। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने दादर के साथ नागपुर का नाम बदलने का सुझाव भी सामने रख दिया।

संजय राउत ने कहा था कि दादर केवल एक रेलवे स्टेशन है, जबकि डॉ. भीमराव आंबेडकर के जीवन में नागपुर की दीक्षाभूमि का ऐतिहासिक महत्व है। उन्होंने सुझाव दिया था कि नागपुर का नाम बदलकर ‘दीक्षाभूमि’ कर दिया जाना चाहिए। राउत ने कहा था कि मुख्यमंत्री को इस संबंध में प्रस्ताव लाना चाहिए और उनकी पार्टी इसका समर्थन करेगी। उन्होंने यह भी कहा था कि यदि इस मुद्दे पर कोई विवाद होता है तो उनकी पार्टी सरकार के साथ खड़ी रहेगी। राउत के इस बयान को कांग्रेस का भी समर्थन मिला था, जिसके बाद नामकरण की राजनीति ने नया मोड़ ले लिया।

नागपुर का मुद्दा उठाने के पीछे डॉ. आंबेडकर से जुड़ा ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व भी प्रमुख वजह रहा। डॉ. भीमराव आंबेडकर ने 14 अक्टूबर 1956 को नागपुर में अपने लाखों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म की दीक्षा ली थी। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में यहां दीक्षाभूमि स्थापित है, जो आज देश-दुनिया में बौद्ध अनुयायियों और आंबेडकर के विचारों से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। संजय राउत ने इसी ऐतिहासिक महत्व का हवाला देते हुए नागपुर का नाम बदलने का सुझाव दिया था।

नागपुर महाराष्ट्र का एक प्रमुख राजनीतिक, सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्र है। इसे ऑरेंज सिटी के नाम से भी जाना जाता है। यह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का मुख्यालय होने के साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का गृह नगर भी है। महाराष्ट्र विधानमंडल का वार्षिक शीतकालीन सत्र भी नागपुर में आयोजित होता है। ऐसे में शहर का नाम बदलने का सुझाव राजनीतिक दृष्टि से भी काफी अहम माना गया।

इतिहास के अनुसार, नागपुर का नाम यहां से गुजरने वाली नाग नदी के नाम पर पड़ा। माना जाता है कि 18वीं सदी की शुरुआत में गोंड शासक बख्त बुलंद शाह ने नाग नदी के किनारे बसे कई गांवों को मिलाकर इस शहर की नींव रखी थी। नाग नदी के घुमावदार प्रवाह और नाग से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भों को भी शहर के नाम से जोड़कर देखा जाता है।

वहीं, मुंबई के दादर इलाके में स्थित चैत्यभूमि का डॉ. आंबेडकर के जीवन से गहरा संबंध है। दिसंबर 1956 में उनके निधन के बाद इसी स्थान पर उनका अंतिम संस्कार किया गया था। इसके बाद चैत्यभूमि आंबेडकर के अनुयायियों के लिए श्रद्धा और सम्मान का प्रमुख केंद्र बन गई। हर साल 6 दिसंबर को महापरिनिर्वाण दिवस पर देशभर से लाखों अनुयायी यहां पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के स्पष्टीकरण के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि दादर रेलवे स्टेशन की ऐतिहासिक पहचान बरकरार रहेगी और केवल मेट्रो स्टेशन का नाम चैत्यभूमि किया जाएगा। हालांकि, इस मुद्दे ने महाराष्ट्र की राजनीति में नामकरण, ऐतिहासिक विरासत और डॉ. आंबेडकर से जुड़े प्रतीकों को लेकर एक नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button