रील्स देखने के लत का मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव व बचाव

कुछ वर्षों में सोशल मीडिया के स्वरूप में तेजी से परिवर्तन आया है। इंस्टाग्राम, यूट्यूब व फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म्स पर छोटे वीडियो या ‘रील्स’ या ‘शॉर्ट्स’ की लोकप्रियता तेज़ी से बढ़ी है। 15 से 60 सेकंड की अवधि वाले रील्स ने मनोरंजन की दुनिया को एक नई दिशा दी है।
भारत में एक स्मार्टफोन उपयोगकर्ता प्रतिदिन औसत 2.32 – 3.30 घंटे तक रील्स देखने में ब्यतीत करता है। वर्ष 2025 में भारत में इंस्टाग्राम उपयोगकर्ताओं की संख्या 48 करोड़ से अधिक हो चुकी है। मेटा की रिपोर्ट के अनुसार भारत में लगभग 97% लोग रोज किसी न किसी प्लेटफॉर्म पर रील्स देखते हैं। लगभग 89% जेन-जी और 85% महिलाएं नियमित रूप से रील्स देखती हैं। ओरमेक्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत में 66.49 करोड़ ऑनलाइन वीडियो दर्शकों ने मिलकर रील्स और वीडियो पर भारी स्क्रीन टाइम दर्ज किया है,भारतीय रोज ऑनलाइन वीडियो में 141 करोड़ घंटे खर्च करतें हैं।
रील्स देखने के लत के कारण:-
समय का लचीलापन:- व्यक्ति ‘बस दो मिनट के लिये’ सोचकर रील्स देखना शुरू करता है, लेकिन आकर्षण व निरंतर नयापन इसे कई घंटों तक चलाने के लिए बाध्य कर देता है। जो बाद में लत में बदल जाता है।
कुछ छूट जाने का भय:- कई बार व्यक्ति इसलिये रील्स देखता है क्योंकि उसे डर होता है कि कहीं वह किसी नए ट्रेंड, चैलेंज या मजेदार कंटेंट से चूक न जाए। यह रील्स देखने के लिए मनोवैज्ञानिक दबाव बनाता है।
नवीनता की तलाश:- व्यक्ति का दिमाग सदैव नया एवं अलग देखना चाहता है जो की रील्स में बिना मेहनत के तुरंत मिलता है जिसके कारण रील्स देखने की लत उत्पन्न होती है।
डोपामाइन का असंतुलन:–
हर नई रील में कुछ नया व मजेदार मिलने की उम्मीद दिमाग में डोपामिन स्राव को बढाता है, जिससे तुरंत अच्छा महसूस होता है और आगे देखने की इच्छा बढ़ती है।
तनाव से राहत:- समय व्यतीत करने, बोरियत, थकान, तनाव और किसी असहज भावना से ध्यान हटाने व दिमाग को हल्का करने के लिए व्यक्ति रील्स देखना शुरू करता है और धीरे धीरे लत का शिकार हो जाता है।
एल्गोरिदम व स्क्रॉलिंग:- ऐप्स व्यक्ति की पसंद व पिछली गतिविधियों के आधार पर कंटेंट दिखाते हैं, जिससे बिना रुके देखते रहने की आदत बनती है।
मोबाइल की सर्व सुलभता:-
आजकल न केवल हर व्यक्ति के पास मोबाइल फोन है बल्कि ज्यादातर छोटे बच्चों के हाथों में भी मोबाइल फोन देखा जाता है। जिससे आसानी से कहीं भी व्यक्ति रील्स देख सकता है जो लत विकास का बडा कारण है।
डाटा रिचार्ज का सस्ता होना:- कम पैसे में अधिक इंटरनेट का मिलना भी रील्स देखने की लत का बड़ा कारण है। अधिकांश लोगों के पास असीमित डाटा वाले रिचार्ज होते हैं जिससे उन्हें डाटा खत्म होने का कोई चिंता नहीं होता और वे लगातार रील्स देखने के कारण लत का शिकार हो जाते हैं

रील्स देखने का मानसिक स्वास्थ्य पर प्रभाव:-
तनाव और चिंता:- लगातार नकारात्मक या भ्रामक वीडियो देखने से शरीर में कोर्टिसोल (स्ट्रेस हार्मोन) बढ़ता है, जिससे तनाव, चिंता और अवसाद बढ़ता हैं।
एकाग्रता में कमी:- छोटी व तेजी से बदलती वीडियो देखने से दिमाग की गहराई से सोचने और लंबे समय तक ध्यान लगाने की क्षमता कम होती है।
नींद की समस्या:- सोने से ठीक पहले रील्स देखने से मेलाटोनिन हार्मोन का स्तर कम होता है, जिससे नींद की गुणवत्ता खराब होती है और थकान रहती है।
तुलना की भावना:- दूसरों की चमक पूर्ण जिंदगी देखकर खुद से तुलना करने से हीन भावना, कम आत्मसम्मान व अकेलेपन का अहसास होता है।
सिर दर्द:-
रील्स देखने की लत से मानसि‍क थकान और स‍िर दर्द की समस्‍या में बढ़ोतरी होती है।
अकेलापन:-
फोन में ज्यादा समय तक रील देखने से सामाजिक दूरी बनती है। रोजाना ऐसा करने पर व्यक्ति अपने परिवार और दोस्तों से दूर हो जाता है और व्यक्ति अकेलापन महसूस करने लगता है। जिसके कारण से उसका मानसिक तनाव काफी बढ़ जाता है।
दिनचर्या पर प्रभाव:-
सुबह उठते ही रील्स:- बहुत से लोग दिन की शुरुआत ही मोबाइल खोलकर करते हैं और तुरंत रील्स देखने लगते हैं। यह सुबह की ताज़गी को प्रभावित करता है और अन्य आवश्यक कार्यों को पीछे धकेल देता है।
ब्रेक टाइम में व्यस्तता:- काम या पढ़ाई के ‘ब्रेक’ में मानसिक विश्राम के नाम पर रील्स देखना शुरू किया जाता है। लेकिन यह वास्तव में मस्तिष्क को और अधिक उत्तेजित कर देता है और ऐसे ब्रेक को बेअसर बना देता है।
सोने से पहले स्क्रीन टाइम:- रात में सोने से पहले रील्स देखना आदत बन चुकी है। यह न केवल नींद को प्रभावित करता है बल्कि मन को शांत करने के बजाय और अधिक विचलित करता है।
बचाव के उपाय-
स्क्रीन टाइम सीमा तय करें:- मोबाइल में ऐप टाइमर का उपयोग करें और रील्स देखने का समय धीरे-धीरे कम करते हुए प्रतिदिन अधिकतम 30 मिनट तक सीमित करें।
सोने से पहले मोबाइल दूर रखें :- रात को सोने से कम से कम 1 घंटा पहले मोबाइल का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दें। सोने से पहले फोन को बिस्तर से दूर रखें और किताबें पढ़ने की आदत डालें।
घर में मोबाईल स्टेशन बनाए:- घर में एक मोबाइल स्टेशन बनाएं, वहां पर रात में निर्धारित समय पर घर के वरिष्ठ सदस्य के निगरानी में परिवार के सभी सदस्य अपना मोबाइल रख दें तथा सुबह निर्धारित समय पर ही अपना अपना मोबाइल ले जाए। ऐसे रात में रील्स देखने की आदत नहीं होगी
सप्ताह में एक दिन मोबाइल व्रत रखें:– हफ्ते में कम से कम एक दिन ऐसा चुनें जब व्यक्ति सोशल मीडिया पूरी तरह दूर रहें। फोन का उपयोग केवल आवश्यक बातचीत के लिए ही करें स्क्रीन का उपयोग बिलकुल न करें ।
अच्छी आदतें अपनाएं:– खाली समय में रील्स देखने के बजाय टहलें, संगीत सुनें, पेंटिंग करें, या कोई नया खेल सीखें। खाली समय में किताबें पढ़ें, परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएं, खेलकूद, पौधे लगाना और सामाजिक गतिविधियों में ध्यान लगाएं।
नोटिफिकेशन्स बंद करें:- बार-बार ध्यान भटकने से रोकने के लिए सोशल मीडिया ऐप्स के नोटिफिकेशन को बंद कर दें।
इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया ऐप्स के नोटिफिकेशन पूरी तरह से बंद कर दें ताकि बार-बार फोन देखने का मन न करे।
केवल मुखिया के ही मोबाइल का डाटा रिचार्ज कराऐं:- घर के सभी सदस्यों के मोबाइल का इण्टरनेट डाटा रिचार्ज करने के बजाय केवल घर के मुखिया के मोबाइल का डाटा रिचार्ज कराऐं तथा आवश्यकता अनुसार वाई-फाई से इंटरनेट कनेक्शन प्रदान करें। एक समय सीमा के बाद इंटरनेट डिस्कनेक्ट कर दें। इससे अधिक समय तक रील्स देखने की आदत नहीं बनेगी।
समय सीमा निर्धारित करें:- सोशल मीडिया ऐप्स में ‘स्क्रीन टाइम’ या ‘ऐप लिमिट’ फीचर का प्रयोग करें। रोज़ाना सिर्फ 15 से 20 मिनट ही रील्स देखने का समय तय करें।
स्क्रीन को बोरिंग बनाएं:- अपने फोन की डिस्प्ले सेटिंग में जाकर स्क्रीन को ग्रे-स्केल कर दें, जिससे रंगीन रील्स और वीडियो आकर्षक नहीं लगेंगे।
ध्यान और प्राणायाम करें:- दिमाग पर नियंत्रण पाने के लिए भ्रामरी प्राणायाम, मेडिटेशन (ध्यान) या योग का सहारा लें।
स्क्रॉलिंग धीरे धीरे कम करें:- अचानक पूरी तरह बंद करना मुश्किल हो सकता है; इसलिए अगर आप 4 घंटे रील्स देखते थे, तो उसे पहले 2 घंटे, फिर 1 घंटे और धीरे-धीरे और कम करें।
विशेषज्ञ की सलाह:- यदि रील्स की लत इतनी बढ़ जाए कि आपका दैनिक जीवन या मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होने लगे तथा चाहकर भी रील्स देखने की आदत को नहीं छोड़ पा रहे हैं तो मनोचिकित्सक या मनोवैज्ञानिक परामर्शदाता से संपर्क करें।

सभी को रील्स देखने की लत के प्रति शुरू से ही सावधानी बरतनी चाहिए। घर के सदस्यों को बच्चों पर विशेष ध्यान देना चाहिए जब बच्चे रील्स देखना शुरू करें तभी उन्हें प्रेम व सहानुभूति पूर्वक तार्किक ढंग से रील्स देखने के दुष्परिणामों से अवगत कराऐं ताकि बच्चे आसानी से रील्स देखना बंद कर सके क्योंकि लत जितनी लंबी अवधि का होगा उससे छुटकारा पाना उतना ही कठिन होता है।

डॉ मनोज कुमार तिवारी
वरिष्ठ परामर्शदाता
एआरटीसी, एस एस हॉस्पिटल, आईएमएस, बीएचयू, वाराणसी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button