राजस्व वसूली में धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, अनुपस्थित एआईजी स्टाम्प का वेतन रोकने के निर्देश
कौशाम्बी में डीएम डॉ. अमित पाल ने राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर अधिकारियों को फटकार लगाई। अनुपस्थित एआईजी स्टाम्प का वेतन रोकने और सिराथू तहसीलदार को चेतावनी देने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वादों और प्रमाणपत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में कर-करेत्तर एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक कर विभागीय प्रगति का जायजा लिया। लक्ष्य के सापेक्ष राजस्व वसूली में अपेक्षित तेजी नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
राज्यकर विभाग की समीक्षा के दौरान राजस्व वसूली की धीमी प्रगति पर डीएम ने उपायुक्त राज्यकर को सुधार लाने की हिदायत दी। वहीं, परिवहन, वन, आबकारी, नगर निकाय, खनन और विद्युत विभाग के अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के साथ प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने को कहा।
बैठक में अनुपस्थित रहने पर एआईजी स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। आरसी वसूली की समीक्षा में सिराथू तहसील की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर तहसीलदार को चेतावनी जारी करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के आवेदनों को निर्धारित समय सीमा में निपटाने पर जोर दिया। उन्होंने पात्र लोगों को कृषि भूमि आवंटन और आवासीय भूमि के पट्टे का लाभ दिलाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व शालिनी प्रभाकर, अपर जिलाधिकारी न्यायिक ओम प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




