12 दिसंबर को परिवार के साथ रामलला के दर्शन करेंगे अखिलेश यादव, पहले जाएंगे हनुमानगढ़ी
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर राम मंदिर न पहुंचने को लेकर सवाल उठते रहे हैं। अब सपा नेता पवन पांडे ने साफ कर दिया है कि अखिलेश यादव इस दिन रामलला के दर्शन करेंगे।

अयोध्या,उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने की तारीख सामने आई है। सपा नेता एवं पूर्व मंत्री पवन पांडे ने जानकारी दी है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे। इस दौरान उनकी पत्नी एवं सांसद डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी साथ रहेंगे।
एक कार्यक्रम में शामिल हुए पवन पांडे ने बताया कि अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा पूरी तरह धार्मिक होगा। वह यहां पूरा दिन बिताएंगे। राम मंदिर में दर्शन से पहले अखिलेश यादव हनुमानगढ़ी पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन करेंगे। इसके बाद रामलला के दरबार में माथा टेकेंगे। अपने दौरे के दौरान वह अयोध्या के साधु-संतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद भी लेंगे। पवन पांडे के मुताबिक, अखिलेश यादव संतों के साथ प्रसाद ग्रहण करेंगे।
राम मंदिर निर्माण के बाद से ही अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा होती रही है। अब सपा नेता की ओर से 12 दिसंबर की तारीख बताए जाने के बाद उनके प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। पवन पांडे ने बातचीत के दौरान राम मंदिर निर्माण से जुड़े चंदे के मुद्दे का भी उल्लेख किया।




