देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे टीआई दिलीप पुरी को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत, डीजी करेंगे जांच
देवास में अवैध शराब तस्करी रोकने पहुंचे खातेगांव टीआई दिलीप पुरी की नेमावर रोड हाईवे पर ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में कर रही है।

देवास,मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अब इसकी जांच डीजी उपेंद्र जैन करेंगे। वहीं, शराब से भरे ट्रक को जब्त कर पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नेमावर रोड हाईवे पर थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने अवैध शराब लेकर जा रहे एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने ट्रक रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी, जिससे दिलीप पुरी वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
आबकारी निरीक्षक पूजा गहलोत के मुताबिक, शराब से भरा ट्रक हरदा से इंदौर होते हुए गुजरात जा रहा था। पुलिस ने ट्रक क्रमांक एमपी 43 एच 4786 को जब्त कर लिया है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे गुजरात तक पहुंचाने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे।
जांच के दौरान हरदा निवासी राहुल जायसवाल का नाम सामने आने की जानकारी मिली है। इसके अलावा देवास जिले के कुछ तस्करों के भी इस नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इन जानकारियों की पुष्टि करने के साथ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी की मौत के मामले में भी पुलिस अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। जांच में ट्रक चालक की भूमिका, वाहन रोकने के प्रयास के दौरान हुई घटनाओं और पूरे घटनाक्रम के तथ्यों की पड़ताल की जाएगी। अवैध शराब के परिवहन को रोकने निकले पुलिस अधिकारी की इस तरह मौत ने हाईवे पर चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और शराब तस्करी के संगठित नेटवर्क पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




