नई सड़कों को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी एफआईआर, गुणवत्ता से समझौता नहीं: प्रवेश वर्मा
लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने नई सड़कों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी है।

नई दिल्ली। लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि नई बनी सड़कों को जानबूझकर नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए तीसरे पक्ष से जांच का प्रावधान है। साथ ही, नई सड़कों के निर्माण के बाद पांच वर्ष तक उनके रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार की होगी। उन्होंने लोगों से सड़क की गुणवत्ता को लेकर चिंता न करने की अपील करते हुए कहा कि सभी सड़कों का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार कराया जाएगा।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि कुछ लोगों द्वारा नई बनी सड़कों को उखाड़ने और नुकसान पहुंचाने के वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे हैं। ऐसे मामलों में लोक निर्माण विभाग की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है। जानबूझकर सड़क को क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला उस समय चर्चा में आया था, जब तिलक नगर में सड़क निर्माण के दौरान लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा और आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह के बीच सड़क की गुणवत्ता को लेकर विवाद हुआ था। मौके पर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी।




