कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद ज्ञानेश कुमार की मां ने घर का कराया गंगाजल से शुद्धिकरण
मंगलवार को ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किए गए। ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास आगरा का शुद्धिकरण किया गया। बता दें कि हाल ही में कांग्रेस ने गेट पर कालिख पोती थी।

आगरा,उत्तर प्रदेश। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर 28 सितंबर को हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद मंगलवार को विजय नगर कॉलोनी में धार्मिक आयोजन किया गया। अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा के तत्वावधान में महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और शंखनाद के बीच ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर गंगाजल का छिड़काव कर धार्मिक अनुष्ठान किया। आयोजन में उनके माता-पिता सहित समाज और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
कलश यात्रा विजय नगर कॉलोनी स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होकर ज्ञानेश कुमार के आवास तक पहुंची। महिलाओं ने शंख और घंटा बजाते हुए यात्रा निकाली। इसके बाद धार्मिक विधि-विधान के साथ घर के अंदर और मुख्य द्वार सहित परिसर में गंगाजल का छिड़काव किया गया। आयोजन के दौरान पुलिस की ओर से सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे।
मुख्य चुनाव आयुक्त की मां सत्यवती ने कहा कि 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान उनके घर के मुख्य द्वार पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने से वह आहत हुई थीं। उन्होंने कहा कि मंगलवार को महिलाओं ने धार्मिक कलश यात्रा निकाली और घर में गंगाजल का छिड़काव किया।
ज्ञानेश कुमार के पिता सुबोध कुमार गुप्ता ने कहा कि उनका बेटा देश की सेवा कर रहा है और आगरा स्थित पैतृक आवास पर हुए प्रदर्शन से परिवार प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन का उद्देश्य लोगों में फैले भ्रम को दूर करना था।
गौरतलब है कि 28 सितंबर को कांग्रेस के प्रदेश सचिव अनिल यादव, मथुरा जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। आरोप है कि इस दौरान मुख्य गेट पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए। मामले में आगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बाद में अदालत से जमानत मिलने पर उन्हें रिहा कर दिया गया।




