गणेश उत्सव में श्रद्धालुओं को राहत, मुंबई में देर रात तक चलेगी मेट्रो; रविवार के मेगा ब्लॉक पर भी रोक
गणेश उत्सव को लेकर मुंबईकरों के लिए राहत भरी खबर है। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दावा किया है कि इस साल गणपति उत्सव के दौरान मेट्रो की सेवाएं बढ़ाने के साथ-साथ देर रात तक मेट्रो चलाने और रविवार के मेगा ब्लॉक को रद्द करने का आदेश दिया है।

मुंबई/एजेंसी। गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए महाराष्ट्र सरकार ने परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने मेट्रो सेवाओं की संख्या बढ़ाने, देर रात तक मेट्रो चलाने और उत्सव के दौरान रविवार को होने वाले मेगा ब्लॉक को रद्द करने का निर्देश दिया है। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि गणेश भक्तों को अधिक से अधिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मंगल प्रभात लोढ़ा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गणपति उत्सव अब केवल मुंबई या महाराष्ट्र तक सीमित नहीं रह गया है। देश के विभिन्न राज्यों के अलावा विदेशों से भी बड़ी संख्या में लोग गणपति उत्सव में शामिल होने और भगवान गणेश के दर्शन के लिए मुंबई आते हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि हाल ही में गणपति मंडलों के पदाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई थी। इसके बाद मेट्रो और रेल प्रशासन को परिवहन सुविधाओं में आवश्यक वृद्धि करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि रविवार को आमतौर पर लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित होती हैं, क्योंकि विभिन्न रेल मार्गों पर मेगा ब्लॉक लिया जाता है। उन्होंने रेल प्रशासन को निर्देश दिया है कि गणपति उत्सव के दौरान रविवार को मेगा ब्लॉक नहीं किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए मेट्रो के सभी टिकट काउंटर, स्वचालित टिकट वेंडिंग मशीन, डिजिटल टिकट और क्यूआर टिकट प्रणाली को मेट्रो की अंतिम सेवा तक पूरी क्षमता से संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। मेट्रो स्टेशनों पर लिफ्ट, एस्केलेटर, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार केंद्रों को भी सेवा उपलब्ध रहने तक चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और अन्य श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलने की उम्मीद है।
गणेश उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलवे सुरक्षा बल और महाराष्ट्र सुरक्षा रक्षक तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ ही भीड़ प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य गणेश उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाना है। इसके लिए मेट्रो, रेलवे और अन्य संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।




