एमबी पावर परिसर में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बढ़ाया स्वतंत्रता दिवस का गौरव

जैतहरी स्थित एमबी पावर प्लांट परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। सीओओ आनंद देशपांडे और फेज-2 प्रोजेक्ट प्रमुख राजीव अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया।

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ

अनूपपुर/मध्य प्रदेश। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जैतहरी एमबी पावर प्लांट परिसर में देशभक्ति और उत्साह से सराबोर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। तिरंगे की शान, वीर शहीदों के अमर बलिदान को नमन और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के संकल्प की भावना पूरे समारोह में दिखाई दी। ध्वजारोहण, अनुशासित परेड, विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
समारोह का शुभारंभ सीओओ एवं प्लांट प्रमुख आनंद देशपांडे तथा फेज-2 प्रोजेक्ट प्रमुख राजीव अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद आनंद देशपांडे ने स्वतंत्रता संग्राम में देश के लिए अपना जीवन न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण में उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संयंत्र का शत-प्रतिशत क्षमता पर संचालन सामूहिक प्रतिबद्धता, अनुशासन और टीमवर्क का उदाहरण बताया। उन्होंने वर्षभर में कंपनी द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों की भी जानकारी दी।
मानव संसाधन एवं प्रशासन प्रमुख आर.के. खटाना ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने कंपनी की ओर से वर्षभर में सीएसआर के माध्यम से किए गए सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों की जानकारी भी साझा की।
समारोह का प्रमुख आकर्षण सुरक्षा विभाग के जवानों की अनुशासित और भव्य परेड रही। सुरक्षा जवानों ने कदमताल करते हुए राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। सुरक्षा विभाग प्रमुख अरबिंद सिंह के नेतृत्व में परिसर को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अनुरूप तिरंगे के रंगों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इससे पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस की भव्यता और राष्ट्रप्रेम का माहौल और अधिक गहरा हो गया।
कार्यक्रम में डीएवी स्कूल, जैतहरी के विद्यार्थियों ने वीरगाथाओं, राष्ट्रप्रेम और ‘अखंडता में एकता’ की भावना पर आधारित नाट्य एवं संगीत प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने अतिथियों और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा पूरा परिसर देशभक्ति के उत्साह से गूंज उठा।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए एजेंसी मैसर्स क्वालिटी अष्ट्रिया को सर्वश्रेष्ठ एजेंसी का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, फेज-2 प्रोजेक्ट में उत्कृष्ट कार्य के लिए मैसर्स केल्लर ग्राउंड इंजीनियरिंग लिमिटेड को भी सर्वश्रेष्ठ एजेंसी के प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी स्कूली बच्चों के लिए राष्ट्रप्रेम पर आधारित स्लोगन, कविता और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रबंधन की ओर से प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
डीएवी स्कूल, जैतहरी के प्रधानाचार्य एस.के. श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
इसी क्रम में बाल भारती पब्लिक स्कूल, जैतहरी की कक्षा 10वीं के उन मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने पिछले वर्ष सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की थी। इस अवसर पर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की गई।
पुरस्कार वितरण समारोह का संचालन मानव संसाधन विभाग के अधिकारी गौरव पाठक एवं राघवेन्द्र सिंह ने किया। उनके जोशीले और प्रभावशाली संचालन ने समारोह में ऊर्जा और उमंग का संचार किया।
कार्यक्रम के अंत में मानव संसाधन विभाग की ओर से सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, प्रतिभागियों और सहयोगी टीमों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। समारोह का समापन बच्चों और उपस्थित अतिथियों के बीच मिष्ठान वितरण के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button