हाथों में तिरंगा लिए गोरखपुर की सड़कों पर निकले सीएम योगी आदित्यनाथ

गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ तिरंगा यात्रा निकालते दिखाई दिए। इस दौरान उनके साथ सांसद रवि किशन और मंत्री संजय निषाद भी साथ चलते दिखे।

गोरखपुर/उत्तर प्रदेश। गोरखपुर में सोमवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं हाथों में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे। उनके साथ कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद, स्थानीय सांसद रवि किशन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। देशभक्ति गीतों के बीच निकली इस यात्रा ने पूरे वातावरण को स्वतंत्रता दिवस के रंग में रंग दिया।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा 9 से 17 अगस्त तक प्रदेशभर में तिरंगा यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी क्रम में रविवार को लखनऊ में कार्यक्रम के बाद सोमवार को गोरखपुर में यह आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर स्वतंत्रता सेनानियों को पर्याप्त सम्मान न देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले न तो क्रांतिकारियों की मूर्तियां स्थापित होने दी जाती थीं और न ही उनके स्मारक बनाए जाते थे। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने एक परिवार विशेष पर संस्थाओं और योजनाओं के नामकरण को लेकर भी कटाक्ष किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा अमर बलिदानियों के प्रति सम्मान प्रकट करने का माध्यम है। उन्होंने काकोरी कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि अंग्रेजों ने इसे ‘डकैती’ बताया, जबकि यह देश की स्वतंत्रता के लिए किया गया साहसिक कार्य था। उन्होंने इसे क्रांतिकारियों का अपमान बताते हुए कहा कि अब इस ऐतिहासिक घटना को सही दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया जा रहा है।
उन्होंने पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, ठाकुर रोशन सिंह और राजेंद्र सिंह लाहिड़ी सहित अनेक क्रांतिकारियों को नमन करते हुए कहा कि आज तिरंगे और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान कर हम उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2022 में केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज संहिता में संशोधन के बाद नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने की स्वतंत्रता मिली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में पांच करोड़ घरों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य रखा गया है।
सीएम योगी ने नागरिकों से तिरंगा यात्रा में भाग लेने, घरों पर तिरंगा फहराने और ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान से जुड़कर देशभक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button