नॉर्थ-ईस्ट जिला एएटीएस की कार्रवाई, नाबालिग वाहन चोर पकड़ा, चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस ) ने मोटर वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक कानून से संघर्षरत बालक (CCL) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिससे विभिन्न थानों में दर्ज कई वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर एएटीएस टीम ने इंस्पेक्टर दीपक पांडे के नेतृत्व में गुरुद्वारा के सामने, एलआईजी फ्लैट्स के पास जाल बिछाया। इस दौरान एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल पर आते हुए रोका गया। जब उससे वाहन के दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जांच में पाया गया कि मोटरसाइकिल थाना जीटीबी एन्क्लेव में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 032830/2025 के तहत चोरी की गई थी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसकी पहचान 16 वर्षीय सीसीएल “एबीसी” के रूप में की। पूछताछ के दौरान उसने जिले में की गई अन्य वाहन चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने तीन अन्य चोरी के दोपहिया वाहन—दो स्कूटी और एक मोटरसाइकिल—भी बरामद कीं।
बरामद वाहन थाना ज्योति नगर, न्यू उस्मानपुर और जाफराबाद क्षेत्र से चोरी किए गए थे। इस कार्रवाई के साथ कुल चार चोरी के वाहन बरामद कर कई मामलों का खुलासा किया गया है। थाना ज्योति नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अन्य किन मामलों में शामिल रहा है तथा इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button