मुजफ्फरनगर में हिंदू टीचर से दुष्कर्म, ब्लैकमेल और धर्म परिवर्तन के दबाव का आरोप, चार पर केस दर्ज
मुजफ्फरनगर में एक हिंदू टीचर ने दो युवकों पर नशीला पदार्थ खिलाकर रेप करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

मुजफ्फरनगर/उत्तर प्रदेश। जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र में एक हिंदू अध्यापिका ने गांव के दो युवकों पर नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना रतनपुरी क्षेत्र के सठेड़ी गांव निवासी पीड़िता अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और तहरीर देकर बताया कि गांव के वसीम और जावेद पहले से उसे परेशान करते थे। आरोप है कि दोनों ने तमंचे के बल पर उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार, घटना के दौरान आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली, जिसके आधार पर लगातार उसे ब्लैकमेल किया जाता रहा।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी वसीम उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रहा था। पीड़िता का कहना है कि आरोपी उसे फुलत गांव के एक मदरसे में ले जाकर धर्म परिवर्तन कराने और इसके बदले 50 हजार रुपये देने की बात कहता था। साथ ही बाद में हैदराबाद ले जाकर निकाह करने की बात भी कही गई। विरोध करने या परिवार को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी।
पीड़िता ने यह भी बताया कि बुधवार सुबह आरोपी पक्ष की कुछ महिलाएं उसके घर पहुंचीं और समझौते के लिए पैसे देने की पेशकश करते हुए मामला वापस लेने का दबाव बनाया। डर के कारण कई महीनों तक उसने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी, लेकिन अब न्याय की उम्मीद में पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस ने वसीम, जावेद, वसीम की मां और उसकी बहन मैना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



