ऋषिकेश में नशे में धुत चालक का कहर, तेज रफ्तार कार से कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त

ऋषिकेश के हरिद्वार रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास दिनदहाड़े नशे में धुत एक युवक ने तेज रफ्तार कार से सड़क किनारे खड़े कई दुपहिया वाहनों को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया।

ऋषिकेश/उत्तराखंड। ऋषिकेश में युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति का एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां दिनदहाड़े नशे की हालत में एक युवक ने तेज रफ्तार कार चलाते हुए सड़क किनारे खड़े कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी चालक को कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह हादसा हरिद्वार रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास दोपहर के समय हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार कार अचानक परशुराम चौक की ओर मुड़ी और सड़क किनारे खड़े कई बाइक और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के बाद चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे वाली जगह पर दोपहिया वाहनों की मरम्मत की कई दुकानें हैं और मरम्मत के लिए आए वाहन दुकान के बाहर खड़े थे, जिन्हें कार ने अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण सहित अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button