बापूधाम स्टेशन पर 10 दिन से ड्यूटी कर रहा फर्जी सिपाही गिरफ्तार, नौकरी के नाम पर ठगी का खुलासा

लोग कैसे- कैसे सपने देख लेते हैं। मोतिहारी बापूधाम रेलवे स्टेशन पर सिपाही की वर्दी में पकड़ा गया युवक कुछ ऐसा ही सपना देखकर आया था। पहले चार लाख रुपये देकर फर्जी सिपाही बना और अब जेल की हवा खाने पहुंच गया है।

पूर्वी चंपारण/बिहार। बिहार के मोतिहारी स्थित बापूधाम रेलवे स्टेशन से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की वर्दी पहनकर 10 दिनों से ड्यूटी कर रहे एक युवक को नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जांच में खुलासा हुआ कि वह असली सिपाही नहीं, बल्कि फर्जी तरीके से वर्दी पहनकर ड्यूटी कर रहा था।
पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान राजेपुर थाना क्षेत्र के इस्माइल गांव निवासी शंभू राम के बेटे पवन कुमार के रूप में हुई है। युवक ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से बापूधाम रेलवे स्टेशन पर वर्दी पहनकर ड्यूटी कर रहा था, जिससे लोगों को उस पर संदेह हुआ और इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पवन कुमार ने पूछताछ में बताया कि वह पहले महाराष्ट्र में मजदूरी करता था। इसी दौरान उसकी मां की मुलाकात हरेंद्र राम नामक व्यक्ति से हुई, जिसने पटना सचिवालय में संपर्क होने का दावा करते हुए सिपाही की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद पवन को बुलाकर मुजफ्फरपुर में तैयारी कराई गई और फिर पटना ले जाकर बासुदेव राम व उसकी पत्नी से मिलवाया गया।
आरोप है कि नौकरी के नाम पर उससे चार लाख रुपये लिए गए, जिसमें एक लाख रुपये ऑनलाइन और बाकी नकद दिए गए। कुछ समय बाद उसे बताया गया कि उसकी नौकरी लग गई है और उसे मोतिहारी के बापूधाम स्टेशन पर तैनाती दे दी गई है। इसके बाद वह रोज मुजफ्फरपुर से मोतिहारी आकर पूरे दिन ड्यूटी करता और वापस लौट जाता था।
सदर डीएसपी ने बताया कि फर्जी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक ने नौकरी के नाम पर पैसे देने की बात स्वीकार की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button