प्यार में पड़कर पाकिस्तान में फंसा अलीगढ़ का युवक बीमार, परिजनों ने सरकार से लगाई वापसी की गुहार
अलीगढ़ के बरला थाना क्षेत्र के खिटकारी गांव निवासी बादल बाबू, जो फेसबुक पर हुई दोस्ती के बाद कथित तौर पर बिना वीजा-पासपोर्ट के पाकिस्तान चले गए थे, अब वहां गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं।

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र के खिटकारी गांव निवासी बादल बाबू एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान की युवती से दोस्ती के बाद बिना वैध दस्तावेजों के सीमा पार कर पाकिस्तान पहुंचा बादल अब वहां गंभीर बीमारी से जूझ रहा है। परिजनों के अनुसार उसने फोन कर बताया है कि उसकी किडनी में संक्रमण और आंतों में सूजन की समस्या है, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ रही है।
परिवार के मुताबिक, बादल दिल्ली में सिलाई का काम करता था और फेसबुक के माध्यम से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की रहने वाली सना रानी से उसकी दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। इसी के चलते वह बिना वीजा-पासपोर्ट के पाकिस्तान चला गया, जहां पहुंचने के बाद उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सजा पूरी होने के बाद जुर्माना न भर पाने पर उसे लाहौर के डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
परिजनों का कहना है कि हाल ही में बादल ने फोन पर अपनी खराब तबीयत की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। वृद्ध माता-पिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश प्रशासन से बेटे को सुरक्षित भारत वापस लाने की अपील की है, ताकि उसका समुचित इलाज कराया जा सके।
परिवार लगातार अधिकारियों से संपर्क कर रहा है और मानवीय आधार पर मदद की उम्मीद लगाए बैठा है। परिजनों का कहना है कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा बेटे की सुरक्षित वतन वापसी है, ताकि उसका इलाज हो सके और वह सामान्य जीवन में लौट सके।




