आईजीआरएस रैंकिंग में कौशांबी पुलिस प्रदेश में अव्वल, 11 थानों ने भी हासिल किया प्रथम स्थान

कौशांबी पुलिस ने जून माह की आईजीआरएस रैंकिंग में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, लगातार दूसरे महीने यह उपलब्धि प्राप्त की है।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दम पर कौशांबी पुलिस ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी श्रेष्ठ कार्यशैली का परचम लहराया है। एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) की जून माह की रैंकिंग में कौशांबी पुलिस को पहला स्थान प्राप्त हुआ है। साथ ही जिले के 11 थानों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जनपद का गौरव बढ़ाया है।
आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा शासन स्तर पर प्रत्येक माह की जाती है, जिसके आधार पर प्रदेशभर की रैंकिंग जारी होती है। मई माह में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद जून में भी कौशांबी पुलिस ने शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की। पुलिस द्वारा शिकायतकर्ताओं से लगातार संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी गई, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। प्रत्येक शिकायत पर तत्काल कार्रवाई और पारदर्शी कार्यशैली के चलते जनपद को प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त हुआ।
जिले के पश्चिमशरीरा, महिला थाना, चरवा, संदीपन घाट, कोखराज, सैनी, सरायअकिल, पिपरी, कौशाम्बी और पइंसा सहित कुल 11 थानों ने भी अपने उत्कृष्ट कार्य के बल पर प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया है। इससे पहले भी पिछले तीन महीनों में शिकायतों के गुणवत्तापरक निस्तारण में जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की थी।
इसके अलावा, क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क सिस्टम (सीसीटीएनएस) के प्रभावी क्रियान्वयन में भी कौशांबी पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापति ने इस उपलब्धि पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि शिकायतों के समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण के आधार पर ही यह सफलता संभव हो सकी है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इसी तरह जनसेवा के प्रति समर्पित रहकर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button