संजय दत्त की व्हिस्की पर संकट, शराब से जुड़े सारे विज्ञापन हटाने का आदेश; दिल्ली हाई कोर्ट ने लगाई रोक
दिल्ली हाई कोर्ट ने देवांस माॅडर्न ब्रुअरीज की याचिका पर संजय दत्त समर्थित कार्टेल ब्रोज को व्हिस्की के लिए 'गाॅडफादर' ट्रेडमार्क के इस्तेमाल से रोक दिया है। अदालत ने कार्टेल ब्रोज को सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन विज्ञापनों से यह नाम हटाने का भी निर्देश दिया।

नई दिल्ली/एजेंसी। दिल्ली हाई कोर्ट ने अभिनेता संजय दत्त समर्थित कंपनी कार्टेल ब्रोज को अपनी व्हिस्की के लिए गाॅडफादर ट्रेडमार्क के इस्तेमाल से फिलहाल रोक दिया है। न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला ने देवांस माॅडर्न ब्रुअरीज की ओर से दायर अंतरिम निषेधाज्ञा (इंटरिम इंजंक्शन) याचिका स्वीकार करते हुए यह आदेश पारित किया।
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि कार्टेल ब्रोज, उसके निदेशक, साझेदार और उसकी ओर से कार्य करने वाले अन्य सभी व्यक्ति मुकदमों के लंबित रहने तक गाॅडफादर या गाॅडफादर्स नाम व उससे मिलते-जुलते किसी भी ट्रेडमार्क, लेबल, पैकेजिंग, कार्टन या ट्रेड ड्रेस का उपयोग व्हिस्की के निर्माण, बिक्री, विपणन, विज्ञापन या निर्यात के लिए नहीं करेंगे।
हाई कोर्ट ने कंपनी को यह भी निर्देश दिया कि वह सभी ऑनलाइन और ऑफलाइन प्लेटफाॅर्म से गाॅडफादर नाम से जुड़े विज्ञापन, पोस्ट, लिस्टिंग और अन्य सामग्री तत्काल हटाएं। सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने माना कि देवांस माॅडर्न ब्रुअरीज प्रथमदृष्टया अंतरिम राहत पाने का पर्याप्त आधार स्थापित करने में सफल रही है। इसके बाद हाई कोर्ट ने कंपनी के पक्ष में अंतरिम निषेधाज्ञा जारी कर दी।
देवांस माॅडर्न ब्रुअरीज ने अदालत को बताया कि वह वर्ष 1984 से गाॅडफादर ट्रेडमार्क का उपयोग कर रही है और बीयर के साथ-साथ व्हिस्की व रम के लिए भी इसके पंजीकरण उसके पास हैं। कंपनी का दावा था कि चार दशक से अधिक समय में इस ब्रांड ने व्यापक पहचान और प्रतिष्ठा अर्जित की है व उपभोक्ता इसे सीधे उसके उत्पादों से जोड़ते हैं। याचिका में कहा गया कि गाॅडफादर एक विशिष्ट ट्रेडमार्क है, जिसे कानूनी संरक्षण मिलना चाहिए। ऐसे में कार्टेल ब्रोज की ओर से इसी नाम का इस्तेमाल उपभोक्ताओं में भ्रम पैदा कर सकता है।
वहीं, कार्टेल ब्रोज ने अदालत को बताया कि उसने अपने उत्पाद का नाम संशोधित कर द ग्लेनवाॅक गाॅडफादर्स बाय संजय दत्त कर दिया है और उसका द गाॅडफादर नाम को अकेले इस्तेमाल करने का कोई इरादा नहीं है। कंपनी ने यह भी प्रस्ताव दिया कि यदि संशोधित लेबल के उपयोग की अनुमति मिलती है तो वह द गाॅडफादर नाम के स्वतंत्र ट्रेडमार्क आवेदन को वापस लेने के लिए तैयार है।




