मां वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचे अभिनेता अक्षय कुमार, विशेष पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने वीरवार को श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उनके आगमन से श्रद्धालुओं में उत्साह दिखा, जिन्होंने उनके साथ सेल्फी भी ली।

कटड़ा/जम्मू। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार वीरवार को विश्व प्रसिद्ध श्री माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने श्रद्धा भाव से मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाकर विशेष पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। अभिनेता के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं और उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार अक्षय कुमार बुधवार सुबह विशेष चार्टर्ड हेलीकॉप्टर के माध्यम से जम्मू से यात्रा मार्ग स्थित पंछी हेलीपैड पहुंचे। सुबह करीब 9 बजे उनके आगमन पर श्राइन बोर्ड अधिकारियों और पुलिस प्रशासन द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके बाद वह बैटरी कार से सीधे भवन के लिए रवाना हुए।
भवन पहुंचते ही वहां मौजूद श्रद्धालुओं में खुशी की लहर दौड़ गई और “जय माता दी” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। इस दौरान कई प्रशंसकों ने अभिनेता के साथ फोटो और सेल्फी भी ली। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के पश्चात पुजारियों ने उन्हें माता की पवित्र चुनरी भेंट कर आशीर्वाद दिया तथा प्रसाद देकर सम्मानित किया।
इसके बाद अक्षय कुमार रोपवे के माध्यम से भैरव घाटी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा भैरवनाथ के दर्शन कर अपनी यात्रा पूर्ण की। दोपहर करीब 12 बजे वह अपने सहयोगियों के साथ पुनः पंछी हेलीपैड पहुंचे और वहां से विशेष चार्टर्ड हेलीकॉप्टर के जरिए जम्मू के लिए रवाना हो गए। उल्लेखनीय है कि अक्षय कुमार मां वैष्णो देवी के अनन्य भक्त माने जाते हैं और समय-समय पर श्रद्धा भाव से मंदिर में दर्शन करने पहुंचते रहे हैं।




