यमुनानगर में ड्रग तस्कर को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पर पथराव,, जान बचाने के लिए भागते दिखे पुलिसकर्मी

हरियाणा के यमुनानगर में वांटेड आरोपी को पकड़ने गई करनाल सीआईए टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आरोपी को छुड़ाने की कोशिश में पुलिस पर पथराव हुआ, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए और टीम को मौके से भागना पड़ा।

यमुनानगर/हरियाणा। यमुनानगर जिले में एक वांटेड आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची करनाल सीआईए टीम पर ग्रामीणों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाकर मौके से वापस लौटना पड़ा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार करनाल सीआईए टीम एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी राजेंद्र कुमार की तलाश में रादौर क्षेत्र की डेहा बस्ती पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अपने एक परिचित के यहां छिपा हुआ है। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया, लेकिन कुछ ही देर में हालात बिगड़ गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी के पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही मिनटों में मामला उग्र हो गया और महिलाओं, पुरुषों व बच्चों ने ईंट-पत्थर उठाकर पुलिसकर्मियों पर फेंकने शुरू कर दिए। इस हमले में पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। हालात बेकाबू होते देख सीआईए टीम ने पीछे हटने का निर्णय लिया और किसी तरह अपने वाहनों तक पहुंचकर गांव से बाहर निकलकर खुद को सुरक्षित किया। बताया जा रहा है कि कुछ ग्रामीणों ने पुलिस टीम का दूर तक पीछा भी किया।
घटना की सूचना मिलते ही रादौर थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अब दोहरी चुनौती का सामना कर रही है। एक ओर फरार आरोपी की तलाश जारी है, वहीं दूसरी ओर सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और आरोपी को छुड़ाने के प्रयास के आरोपों में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जबकि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button