जम्मू रेलवे स्टेशन के पास अवैध कब्जों पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की जमीन मुक्त

जम्मू विकास प्राधिकरण ने रेलवे स्टेशन के पास 10 करोड़ की सरकारी जमीन से 30 से अधिक अवैध खोखे व ढाबे हटाए। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर हुई, जिससे दर्जनों लोग बेरोजगार हो गए हैं।

जम्मू/एजेंसी। जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने जिला प्रशासन और पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास स्थित करीब चार कनाल सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया। बुधवार तड़के करीब 5 बजे मंगल मार्केट और वैष्णवी धाम के पीछे चलाए गए इस अभियान में लगभग 10 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन खाली कराई गई।
कार्रवाई के दौरान जेडीए की टीम ने अवैध रूप से बने 30 से अधिक खोखे, ढाबे और अन्य व्यावसायिक ढांचों को ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, इन दुकानों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और दो व्यक्तियों द्वारा इस भूमि पर अनधिकृत कब्जा किया गया था। कब्जाधारियों ने मामले को वैध ठहराने के लिए हाईकोर्ट का रुख किया था, लेकिन जांच में कब्जा पूरी तरह अवैध पाया गया, जिसके बाद अदालत के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
जेडीए की टीम जब भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची तो क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की मौजूदगी के चलते कार्रवाई पूरी कर ली गई। बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई से कई लोगों का रोजगार प्रभावित हुआ है, जो पिछले कई वर्षों से यहां काम कर रहे थे।
जेडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही आम जनता से सरकारी जमीन पर अतिक्रमण न करने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button