लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग का खुलासा किया, दो आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद

पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिले के लक्ष्मी नगर थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छीनी गई संपत्ति के खरीददार को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी और छीनी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 9 जून को पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया है। इस संबंध में लक्ष्मी नगर थाने में एफआईआर संख्या 182/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसने आसपास लगे करीब 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी निगरानी के साथ स्थानीय स्तर पर जांच की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान गीता कॉलोनी निवासी देव उर्फ तरुण (27) और वेस्ट गुरु अंगद नगर निवासी वेद प्रकाश (33) के रूप में की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई। आगे की जांच में पता चला कि छीनी गई सोने की चेन को किशन कुंज पार्ट-2 निवासी शशि कांत मचिंद्रा (61) को बेचा गया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर उसके पास से सोने की चेन बरामद कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रह चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button