हिंदुस्तान पावर की सीएसआर पहल: जिला अस्पताल को 25 व्हीलचेयर व 25 स्ट्रेचर मिले, स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी मजबूत

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में हिंदुस्तान पावर के सीएसआर विभाग ने सराहनीय पहल करते हुए जिला चिकित्सालय अनूपपुर को 25 व्हीलचेयर एवं 25 स्ट्रेचर प्रदान किए हैं। इस सहयोग से मरीजों की देखभाल और उपचार प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर हर्षल पंचोली मौजूद रहे। उन्होंने हिंदुस्तान पावर द्वारा किए जा रहे सामाजिक दायित्व के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की जनहितकारी पहल समाज के लिए अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक हैं। उन्होंने भविष्य में भी कंपनी से इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम के दौरान कंपनी प्रबंधन ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और जनकल्याण के लिए निरंतर योगदान देने की प्रतिबद्धता दोहराई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी, वरिष्ठ चिकित्सक एवं पूर्व सीएमएचओ डॉ. एस.सी. राय, सिविल सर्जन डॉ. परसते, डॉ. शिवेंद्र द्विवेदी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदुस्तान पावर प्रबंधन की ओर से एचआर प्रमुख आर. के. खटाना, जनसंपर्क अधिकारी गौरव पाठक और सीएसआर विभाग से सहायक प्रबंधक विकास राय भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अल्का तिवारी ने हिंदुस्तान पावर प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए इस सहयोग को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया।
इस पहल से जिला चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है, जिससे उपचार व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button