भारत के खिलाफ बांग्लादेशी सुरक्षाबलों ने उठाए हथियार, सीमा पर गश्त तेज, चरम पर तनाव

बांग्लादेशी सुरक्षा बल भारत से लगी सीमा पर हाई अलर्ट पर हैं। उन्होंने कई इलाकों में हथियारों संग गश्त भी तेज कर दी है। सीमा के करीब रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध घुसपैठ से जुड़ी घटनाओं के प्रति चौकन्ना रहने को भी कहा जा रहा है। बांग्लादेश को डर है कि भारत अवैध बांग्लादेशियों को उनकी सीमा में ढकेल सकता है।

ढाका/एजेंसी। बांग्लादेश ने भारत के साथ तनाव के बीच सीमा पर गश्त को तेज कर दिया है। बार्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) के जवान हथियारों संग भारत से सटी सीमा पर चौकसी कर रहे हैं। इतना ही नहीं, बीजीबी लगातार लाउडस्पीकरों और दूसरे प्रचार माध्यमों के जरिए सीमा के करीब रहने वाले बांग्लादेशी नागरिकों को भारत के खिलाफ उकसा भी रही है। हालांकि, उसका कहना है कि यह जागरूकता अभियान है। बीजीबी से सीनियर अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि उन्हें चिंता है कि भारत अवैध रूप से लोगों को बांग्लादेश में ढकेल सकता है।
दरअसल, पश्चिम बंगाल में बीजेपी की जीत के बाद से ही अवैध बांग्लदेशी नागरिकों की धरपकड़ की जा रही है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राज्य में पहचान करने या पता लगाने, रिकॉर्ड या दस्तावेज से नाम हटाने, देश से बाहर भेजने या निर्वासित करने की नीति को सख्ती से लागू करने की घोषणा की है। इसके बाद से बांग्लादेशी घुसपैठियों के समूह अपने देश लौटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास उत्तर 24 परगना जिले के हाकिमपुर चौकी पर एकत्रित होते दिखाई दिए हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल सरकार ने बांग्लादेश के साथ खुली सीमा की बाड़बंदी के काम को तेज किया है।
इस महीने की शुरुआत में, भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया था कि भारत ने बांग्लादेश से 2,860 से अधिक ऐसे लोगों की राष्ट्रीयता की पुष्टि करने को कहा है, जिन पर बांग्लादेशी होने और देश में अवैध रूप से रहने का संदेह है। हालांकि, बांग्लादेश ने भारत के अनुरोध पर अब तक कोई एक्शन नहीं लिया है। इससे भारत में रह रहे अवैध बांग्लदेशियों की स्वदेश वापसी की प्रक्रिया अटकी हुई है। वहीं, दूसरी ओर बांग्लादेश की सरकार भारत पर अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को अपनी सीमा पर जबरन ढकेलने का आरोप लगा रही है।
बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 60वीं बटालियन ने रविवार को ब्राह्मणबारिया जिले के सीमावर्ती इलाकों में अभियान शुरू किया। उन्होंने लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करके निवासियों को चेतावनी दी और उनसे सीमा पार लोगों को धकेलने के प्रयासों के प्रति सतर्क रहने का आग्रह किया। बटालियन के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल एस एम शरीफुल इस्लाम ने बताया, “हमने सीमावर्ती गांवों में निवासियों के बीच जागरूकता बढ़ाने और उनसे किसी भी अवैध घुसपैठ या जबरन धकेलने के प्रयासों के खिलाफ सतर्क रहने को कहने के लिए लाउडस्पीकर से घोषणाएं शुरू कर दी हैं।”
उन्होंने कहा, “सीमावर्ती इलाकों में हमारी गश्त और निगरानी को मजबूत किया गया है। अवैध घुसपैठ, मानव तस्करी और नशीले पदार्थों व अन्य सामानों की तस्करी को रोकने के लिए खुफिया अभियान भी जारी हैं।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button